Breaking News in Hindi

गुजरात के सीएम को अनुमति तो तेलंगाना को क्यों नहीं

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का केंद्र पर दोहरा मापदंड का आरोप

रेवंत को अनुमति नहीं दी गयी है

भूपेंद्र पटेल की अनुमति मिली है

संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठे सरकार

राष्ट्रीय खबर

नई दिल्ली: कांग्रेस के विदेशी विंग इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का कड़ा आरोप लगाया है। यह आलोचना तब सामने आई जब केंद्र ने गुजरात के मुख्यमंत्री को अमेरिका जाने की अनुमति दे दी, लेकिन तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को उनके अमेरिकी दौरे के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया।

पीटीआई के अनुसार, आईओसी ने एक बयान में कहा, मुख्यमंत्री की अमेरिकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य दुनिया के कुछ अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी के माध्यम से हैदराबाद को शिक्षा, नवाचार, कौशल और अनुसंधान का वैश्विक केंद्र बनाने की तेलंगाना की महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ाना था।

बयान में आगे कहा गया, भारत के युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, निवेश और अवसरों को आगे बढ़ाने के प्रयास दलीय राजनीति से ऊपर होने चाहिए। तेलंगाना के मुख्यमंत्री को मंजूरी से इनकार करना, जबकि गुजरात के मुख्यमंत्री को संयुक्त राज्य अमेरिका जाने की अनुमति देना, एक परेशान करने वाला और र स्पष्ट दोहरा मापदंड है।

केंद्र में सत्तासीन भाजपा के नेता और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य में जनवरी 2027 में होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का प्रचार करने के लिए 16 अगस्त को अमेरिका और कनाडा की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए थे।

दूसरी ओर, रेवंत रेड्डी, जो ब्रिटेन और अमेरिका की अपनी 10-दिवसीय यात्रा के तहत लंदन में थे, ब्रिटेन का चरण पूरा करने के बाद अमेरिका जाने की योजना बना रहे थे। विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमति न दिए जाने के कारण, अब वह रविवार को हैदराबाद लौटेंगे, जिस दिन उन्हें बोस्टन के लिए रवाना होना था। शुक्रवार को अपने इस फैसले पर सफाई देते हुए विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह राजनीतिक मंजूरी देने से पहले मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के दौरों का आकलन करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक ब्रीफिंग में संवाददाताओं से कहा, ऐसे मामलों में प्रस्तावित कार्यक्रम पद की गरिमा और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए। इस विशेष मामले में, अमेरिका के संबंध में ऐसा नहीं था। इसलिए, मंजूरी नहीं दी गई है। वैसे, उनकी ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दे दी गई है।

विदेश मंत्रालय के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा था कि उनकी अमेरिका यात्रा का एकमात्र उद्देश्य केंद्र की नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद में लाना था।

उन्होंने कहा, यह हमारे युवाओं की बेहतरीन आइवी लीग और शीर्ष वैश्विक संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण प्राप्त करने की आकांक्षाओं का जवाब होता। मेरा हमेशा से मानना ​​है कि जब राष्ट्र निर्माण और युवाओं के भविष्य की बात आती है, तो हम सभी को राजनीति और चुनावों से ऊपर उठकर सोचना चाहिए।