Breaking News in Hindi

वायनाड सुरंग स्थल पर भीषण भूस्खलन, देखें वहां का सीसीटीवी वीडियो

विशेषज्ञों की तमाम चेतावनियों को सरकार ने अनसुना किया

  • मलबे का पहाड़ तेजी से नीचे आया

  • सीसीटीवी में कैद हुई है पूरी घटना

  • तीन लोगों के मरन  की खबर

राष्ट्रीय खबर

तिरुअनंतपुरमः कोझिकोड को वायनाड से जोड़ने वाली निर्माणाधीन वायनाड सुरंग सड़क (आनाक्कमपोय्यी-कल्लाडी-मेप्पाडी) परियोजना के प्रवेश द्वार के पास कल्लाडी में मूसलाधार मानसूनी बारिश के कारण भारी मलबा धंसने  की आपदा सामने आई है। इस हादसे के बाद विशेषज्ञों ने अधिकारियों को पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से पैदा होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया है।

बेंगलुरु के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज के भू-वैज्ञानिक और सहायक प्रोफेसर सी.पी. राजेंद्रन ने कहा कि आनाक्कमपोय्यी-मेप्पाडी सुरंग का क्षेत्र विनाशकारी भूस्खलन के लिहाज से सबसे नाजुक इलाकों से होकर गुजरता है, जैसा कि साल 2019 और 2024 के बीच चूरलमाला और मुंडक्कई क्षेत्रों के पास देखा गया था।

देखें कैसा भयावह था वह नजारा

केरल के वायनाड जिले में कल्लाडी में मीनाक्षी ब्रिज के पास भूस्खलन स्थल से सामने आए नए सीसीटीवी फुटेज में मलबे के सड़क पर गिरने के बाद दहशत और तबाही के भयानक दृश्य दिखे हैं। यह भूस्खलन वायनाड और मलप्पुरम जिलों को जोड़ने वाली प्रस्तावित सुरंग सड़क परियोजना के निर्माण स्थल के पास हुआ।

वीडियो में मिट्टी और मलबे का एक विशाल सैलाब तेजी से नीचे की ओर आते देखा जा सकता है, जिससे बचने के लिए श्रमिक और राहगीर भागते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मलबे के तेज बहाव में एक बड़ा ईंधन टैंकर ट्रक भी बह गया, जबकि कई लोग खुद को बचाने के लिए संघर्ष करते दिखे।

एक चश्मदीद ने उस भयानक मंजर को याद करते हुए बताया, पहले हमें एक हल्की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद दुकान से सब लोग बाहर भाग निकले। शुरुआत में मिट्टी का एक छोटा हिस्सा नीचे खिसक रहा था… लेकिन देखते ही देखते वह अचानक एक बड़े भूस्खलन में बदल गया। हमने पास के सभी लोगों को वहां से हटने की चेतावनी दी। बस स्टॉप पर लोग इंतजार कर रहे थे और मजदूर भी काम में लगे थे। जब हम उन्हें भागने के लिए कह रहे थे, तभी पुल के दूसरी तरफ खड़ा एक टैंकर लॉरी मलबे में बहकर हमारी तरफ आ गया… मुझे लगता है कि करीब 10-15 लोग मलबे में दब गए हैं। अब तक चार लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है… हमें अभी भी यह नहीं पता कि पुल पर मौजूद लोग नदी में गिर गए या मलबे के नीचे दबे हैं।

तीन की मौत, सात घायल और कई लापता अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले, केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बताया कि सात लोग घायल हुए हैं और सात अन्य अभी भी लापता हैं। मुख्यमंत्री ने केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करने के बाद संवाददाताओं से कहा, यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं।