Breaking News in Hindi

राहुल गांधी देश की सुरक्षा को खतराः रिजिजू

केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री का सबसे गंभीर आरोप

  • वह भारत विरोधियों समूहों के साथ हैं

  • संसद की गरिमा और आचरण पर सवाल

  • इतना गैर जिम्मेदार नेता कभी नहीं देखा

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी नेता राहुल गांधी के खिलाफ अब तक का सबसे कड़ा मोर्चा खोलते हुए उन्हें भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति करार दिया है। एक विशेष साक्षात्कार में रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के संबंध भारत विरोधी ताकतों के साथ हैं और वे देश के भीतर और बाहर माओवादियों, चरमपंथियों और विदेशी एजेंटों से मुलाकात कर रहे हैं। रिजिजू ने स्पष्ट कहा कि भारतीय संसदीय इतिहास में देश ने कभी भी ऐसा गैर-जिम्मेदार विपक्ष का नेता नहीं देखा।

संसद के हालिया सत्रों में हुए हंगामे पर बात करते हुए रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में शोर-शराबा होना सामान्य है, लेकिन राहुल गांधी का आचरण संसदीय मर्यादाओं के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा, जब हम विपक्ष में थे, तब हमने कभी स्पीकर पर कागज नहीं फेंके और न ही बैनर लेकर सत्ता पक्ष की ओर गए। राहुल गांधी का व्यवहार बचकाना है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा सदन के बाहर लोगों को गद्दार कहना, नाटकीय धरने देना और सदन की कार्यवाही के दौरान गैर-संसदीय तरीके अपनाना बचकाना व्यवहार बताया।

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाए गए आरोपों और एपस्टीन फाइल्स विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल बिना तथ्यों के झूठ बोलते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के अनुयायी भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते क्योंकि उनके पास किसी भी दावे का आधार नहीं होता। रिजिजू ने विशेष रूप से जॉर्ज सोरोस जैसे वैश्विक व्यक्तित्वों और नक्सली विचारधारा वाले लोगों से राहुल गांधी की मुलाकातों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बताया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी उन ताकतों के हाथों की कठपुतली बन गए हैं जो भारत को कमजोर करना चाहती हैं।

कांग्रेस के भीतर की कलह और मणिशंकर अय्यर के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह राहुल गांधी के रंग में रंग चुकी है। उन्होंने कहा कि पुराने समय में कांग्रेस में परिपक्व और कद्दावर नेता हुआ करते थे, लेकिन अब पार्टी केवल एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द सिमट गई है। रिजिजू ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा में कोई नेता तीन बार हारने के बाद अपने पद पर नहीं बना रह सकता, लेकिन कांग्रेस में हार के बावजूद वही नेतृत्व कायम है, जिससे पार्टी का पतन निश्चित है।