जालंधर के गुरुद्वारे के बाहर दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमला
-
मोटरसाइकिल पर आये थे हमलावर दोनों
-
गाड़ी पर करीब दस राउंड फायरिंग हुई
-
कानून व्यवस्था पर राजनीतिक घमासान
राष्ट्रीय खबर
चंडीगढ़ः पंजाब के जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुवार सुबह एक दुस्साहसिक वारदात में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला उस समय हुआ जब ओबेरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद बाहर निकले थे और अपनी कार में बैठने ही वाले थे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने ओबेरॉय पर बेहद करीब से अंधाधुंध गोलीबारी की। हमलावरों ने लगभग 10 राउंड फायरिंग की, जिससे ओबेरॉय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस वर्तमान में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
इस घटना के बाद पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों ने भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। विपक्ष का आरोप: पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सरकार की विफलता पर सवाल उठाते हुए कहा, जालंधर में सत्ताधारी दल के नेता की सरेआम हत्या यह दर्शाती है कि पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं है।
जब सत्ता पक्ष के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों का क्या होगा? बाजवा ने आरोप लगाया कि राज्य आज गैंगवार और भय की गिरफ्त में है, जबकि सरकार केवल पीआर और बहानों में व्यस्त है। यह घटना पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है, विशेषकर तब जब अपराधी एक व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर वारदात कर आसानी से भाग निकले।