रांची: राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक साथ 6 बसों में आग लग गई. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते सभी बसें आग में जलकर स्वाहा हो गईं. दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे जिसके बाद घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. बस मालिकों ने इस आग लगी के पीछे एक बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है.
पहले एक बस में लगी थी आग
खादगढ़ा बस स्टैंड में कई बसों में रविवार की दोपहर अचानक आग लग गई. इस भीषण आग लगी में छह बसें जलकर स्वाहा हो गईं, सबसे पहले एक बस में आग लगी. स्थानीय लोग और बस मालिक कुछ समझ पाते तब तक उन्होंने देखा कि कुछ ही दूर पर खड़ी बाकी बसें भी आग की चपेट में आ गईं. एक साथ छह बसों में आग लगने की वजह से पूरे खादगढ़ा बस स्टैंड में भगदड़ मच गई. बस के ड्राइवर और खलासी अपने-अपने बसों को लेकर इधर-उधर भागने लगे. किसी तरह से आग लगी बसों के पास खड़ी दूसरी बसों को वहां से निकाला गया.
बड़ी साजिश की आशंका
एक साथ छह बसों में आग लगने की घटना को एक बड़ी साजिश के रूप में देखा जा रहा है. बस एजेंट मोहम्मद सरफराज ने बताया कि भारी नुकसान हुआ है. बस मालिकों ने कई बार प्रशासन से अनुरोध भी किया था कि स्थाई तौर पर दमकल के वाहनों को बस स्टैंड में रखा जाए, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया.
बस मालिको को ऐसा लगता है कि किसी ने जानबूझकर बसों को आग के हवाले किया है. सबसे हैरानी की बात तो यह है कि जिन बसों में आग लगी उनमें से कोई भी एसी बस नहीं थी. एसी बसों में आमतौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से कई बार आग लगी है, लेकिन खादगढ़ा बस स्टैंड में जिन 6 बसों में आग लगी उनमें से कोई भी एसी बस नहीं थी.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
दमकल के पांच वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया लेकिन आग कैसे लगी, इसका खुलासा पुलिस को करना है. लोवर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है. बस स्टैंड में लगी सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. अगर सीसीटीवी फुटेज में कोई भी शख्स आग लगाता हुआ दिखाई दिया तो उसके ऊपर कार्रवाई की जाएगी.
साल 2023 में 9 बसों में लगी थी आग, नबालिग हुआ था निरुद्ध
खादगढ़ा बस स्टैंड में भीषण आग लगी कि यह पहली घटना नहीं है. बस स्टैंड में कई बार भीषण आग लग चुकी है, जिसमें एक बार तो ड्राइवर और खलासी दोनों की मौत भी हो गई थी. साल 2023 में जून महीने में भी 9 बसों में आग लगी थी. जून महीने में 5 घंटे के अंतराल में खादगढ़ा बस स्टैंड में दो बार भीषण आग लगी थी, इस आग लगी में 8 बसें जलकर पूरी तरह से खाक हो गईं थी, जबकि एक बस को अग्निशमन विभाग के द्वारा बचा लिया गया था. 9वें बस में आंशिक रूप से नुकसान हुआ था, लेकिन बाकी आठ बसें तो पूरी तरह से जल कर राख हो गईं थीं.
पहली वारदात में कुल 5 बसों में अचानक आग लगी थी. आनन-फानन में दमकल के वाहनों को बुलाया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ, नतीजा चार बसें जलकर पूरी तरह से खाक हो गई थीं. पहली आग लगी कि घटना के बाद दमकल के 5 वाहनों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था. आग पर काबू पाने के बाद दमकल के वाहन वापस चले गए. आग पर काबू पाने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई और सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी ताकि आग कैसे लगी इसकी जांच हो जाए.
लेकिन तभी अचानक खादगढ़ा बस स्टैंड में एक बार फिर से भगदड़ मच गई. 5 घंटे के अंतराल में दूसरी बार बस स्टैंड में खड़ी चार बसों में आग लग चुकी थी. एक बार फिर से अग्निशमन विभाग को मामले की जानकारी दी गई. इस बार भी दमकल के वाहनों को खादगढ़ा बस स्टैंड पहुंचने में लगभग आधा घंटा लग गए. लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते एक बार फिर से चार बसें जलकर खाक हो गईं. दूसरी बार भी दमकल के 6 वाहनों ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था.
बाद में सीसीटीवी जांच में यह बात सामने आई की एक नबालिग के द्वारा बसों में स्प्रिट छिड़क कर आग लगायी गयी थी. जिसके बाद आरोपित नबालिग को पुलिस के द्वारा निरुद्ध किया गया था.