अमेरिका के खिलाफ अब भी डटे हैं राष्ट्रपति मादुरो
वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को घोषणा की कि अमेरिका ने वेनेजुएला के तट के पास एक बड़ा तेल टैंकर जब्त या है। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार के साथ बढ़ते तनाव के बीच किसी व्यापारिक जहाज को नियंत्रित करने के लिए अमेरिकी सैन्य बलों का उपयोग करना एक अत्यंत असामान्य कदम माना जा रहा है। ट्रम्प प्रशासन का यह कदम मादुरो पर दबाव बढ़ाने की नवीनतम कोशिश है, जिन पर अमेरिका ने नार्को-टेररिज्म के आरोप लगाए हैं।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा, हमने वेनेजुएला के तट पर एक टैंकर जब्त किया है। यह बहुत बड़ा टैंकर है, वास्तव में अब तक का सबसे बड़ा टैंकर। इसे बहुत ही वाजिब कारण से जब्त किया गया है। जब उनसे टैंकर में मौजूद तेल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि संभवतः हम इसे अपने पास रखेंगे। यह ऑपरेशन अमेरिकी कोस्ट गार्ड द्वारा नौसेना के सहयोग से कानून प्रवर्तन प्राधिकरण के तहत किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, विमानवाहक पोत यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड से हेलीकॉप्टर के जरिए कोस्ट गार्ड के सदस्य टैंकर पर उतरे। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सशस्त्र बलों को हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे जहाज के डेक पर उतरते देखा जा सकता है। अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने बताया कि यह टैंकर एक अवैध तेल शिपिंग नेटवर्क का हिस्सा था जो विदेशी आतंकवादी संगठनों का समर्थन कर रहा था। दूसरी ओर, वेनेजुएला सरकार ने इस कार्रवाई को खुली चोरी और अंतरराष्ट्रीय डकैती करार देते हुए कहा कि अमेरिका की नजर हमेशा वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों और तेल पर रही है।