नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में घोटाला और जुबीन गर्ग की मौत
-
कई विभागों से लेते रहे हैं बड़ी धनराशि
-
कई संगठनों ने जांच की मांग कर दी है
-
मुख्यमंत्री ने कहा मामला गंभीर है
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटीः नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल के आयोजक और असम के पूर्व डीजीपी भास्कर ज्योति महंत के भाई श्यामकानु महंत पर 100 करोड़ रुपये के घोटाले का गंभीर आरोप लगा है। विभिन्न संगठनों और विपक्षी दलों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। आरोप है कि महंत 2014 से हर साल केंद्र और असम सरकार के कई विभागों जैसे पर्यटन, कृषि, परिवहन, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय) से फेस्टिवल के नाम पर करोड़ों रुपये का अनुदान ले रहे हैं, जिसका कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है।
सिंगापुर में लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की दुखद मौत और घोटाले के आरोपों के बाद, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने श्यामकानु महंत और उनसे जुड़े संगठनों पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि श्यामकानु महंत और उनसे जुड़े किसी भी संगठन को असम राज्य में कोई भी समारोह या उत्सव आयोजित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाता है। राज्य सरकार ऐसे किसी भी कार्यक्रम को कोई वित्तीय अनुदान, विज्ञापन या प्रायोजन नहीं देगी।
राज्य सरकार भारत सरकार से भी उन्हें किसी भी तरह की वित्तीय सहायता या प्रायोजन न देने का अनुरोध करेगी।
यह कार्रवाई जुबीन गर्ग की मौत के संबंध में महंत और उनके प्रबंधक सिद्धार्थ सरमा के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज होने के बाद की गई है।
गायक जुबीन गर्ग की सिंगापुर में एक नौका यात्रा के दौरान हुई मौत की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसआईटी ने घटना के समय नौका पर मौजूद संगीतकार शेखरज्योति गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। एसआईटी ने अपनी जांच के तहत श्यामकानु महंत के गुवाहाटी स्थित आवास का भी दौरा किया है। मुख्यमंत्री सरमा ने लोगों को धैर्य रखने के लिए कहा है और आश्वासन दिया है कि अगर एसआईटी कुछ नहीं कर पाती है और असम के लोग संतुष्ट नहीं होते हैं, तो हम मामले को सीबीआई को सौंपने की कोशिश करेंगे।
असम के कानून एवं पर्यटन मंत्री रंजीत कुमार दास ने भी श्यामकानु महंत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दास ने खुलासा किया कि महंत पर्यटन विभाग के विज्ञापन दिलाने का वादा करके उन्हें लगातार सिंगापुर आने का अनुरोध करते रहे, जिसे उन्होंने स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर दिया। मंत्री ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी तरह से चल रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इन सभी घटनाक्रमों के बीच, महान गायक जुबीन गर्ग को कमरकुची एनसी गाँव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सरमा सहित अनगिनत लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।