Breaking News in Hindi

धार्मिक आयोजन में भी भाजपा की राजनीति हावी हो गयी

रावण दहन में कॉकरोच का पुतला भी जलेगा

आयोजन समिति की भाजपा से सांठगांठ

दलील है कि रावण की सेना में तेलचट्टे हैं

सीजेपी के विरोध से भाजपा को परेशानी

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी की एक रामलीला में इस वर्ष रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों के साथ 30 फीट ऊंचा कॉकरोच (तिलचट्टा) का पुतला भी आग के हवाले किया जाएगा। पीतमपुरा में रामलीला का आयोजन करने वाली श्री केशव राम लीला समिति ने बताया कि यह कीट गंदगी और मैल का प्रतीक है और यह पहल स्वच्छ भारत तथा स्वच्छ दिल्ली अभियानों का हिस्सा है।

वैसे यह स्पष्ट है कि आखिर कॉकरोच का पुतला ही क्यों जलाया जा रहा है।समिति के अध्यक्ष और भाजपा विधायक अशोक गोयल ने बताया कि यह फैसला राजनीतिक रूप से प्रेरित नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉकरोच का पुतला जलाने का उद्देश्य अच्छाई की बुराई पर जीत और स्वच्छता के संदेश को सुदृढ़ करना है। गोयल ने यह भी बताया कि रावण की सेना में असुरों के बीच इस कॉकरोच को भी शामिल किया जाएगा।

यह निर्णय राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में आया है, जिसने पहले पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ और अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए विरोध प्रदर्शन किया है। जून और जुलाई में, यह समूह जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय तक धरने पर बैठा था और 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकाला था, जिसके परिणामस्वरूप आखिरकार धर्मेंद्र प्रधान को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) एक बार फिर सड़कों पर उतर आई है, और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनों में विपक्षी दलों तथा छात्र संगठनों के साथ शामिल हो गई है। दिल्ली में इन विरोध प्रदर्शनों के कारण कई कार्यकर्ताओं, छात्रों और पत्रकारों को हिरासत में लिया गया।