चुनाव आयोग के दोबारा यू टर्न लेने पर कांग्रेस ने तंज कसा
पठनीय मतदाता सूची तो दो साल से मांग रहे हैं
यह काम तो पहले पूरा होना था
सब सही है तो देने में संकोच क्यों
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः कांग्रेस ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को चुनाव आयोग पर तब तंज कसा, जब यह बात सामने आई कि चुनावी संस्था पहली बार राजनीतिक दलों को पठनीय मतदाता सूचियां उपलब्ध कराएगी। कांग्रेस ने इस कदम को बहुत कम और बहुत देर से उठाया गया कदम करार दिया। विपक्षी दल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी-शाह के निर्देशों के तहत उन्होंने जो नुकसान किया है, उसकी भरपाई अब एक अधिसूचना के जरिए यू-टर्न लेने से नहीं होगी।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक्स पर कहा,ज्ञानू, इतना काफी नहीं है भाई। आपको इस्तीफा देकर वादामाफ गवाह बन जाना चाहिए। मोदी-शाह के निर्देशों के तहत आपने जो नुकसान किया है, वह अब अधिसूचना के जरिए यू-टर्न लेने से ठीक नहीं होगा। हम 2025 से मशीन-रीडेबल (मशीन द्वारा पढ़े जाने योग्य) मतदाता सूचियों की मांग कर रहे हैं। पारदर्शिता सबसे न्यूनतम मानक है, कोई ऐसी चीज नहीं जो आपको अतीत के अपराधों से मुक्त कर दे।
उन्होंने दावा किया कि जिस बड़े पैमाने पर वोट चोरी के जरिए 13 करोड़ भारतीयों को मताधिकार से वंचित किया गया है, वह देशद्रोह का कृत्य है। वेणुगोपाल ने आगे कहा, आपको हट जाना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया में पूरी तरह से सुधार होना चाहिए, जिसकी शुरुआत संदिग्ध एसआईआर को वापस लेने और चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव से होनी चाहिए। यह बहुत कम और बहुत देर से किया गया प्रयास है।
चुनाव आयोग ने गुरुवार को 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों का वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण आयोजित करने का आदेश दिया, जिनमें वे राज्य भी शामिल हैं जहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी को किया जाएगा।
चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एसएसआर चुनाव कानून के तहत अनिवार्य एक वार्षिक प्रक्रिया है, जिसे विशेष रूप से चुनावी राज्यों में आयोजित किया जाता है। इन 17 राज्यों में मतदाताओं की सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरा कर लिया गया है। असम में कानूनी कारणों से एसआईआर के बजाय एक विशेष पुनरीक्षण किया गया था।
पहली बार, राजनीतिक दलों को प्रारूप (ड्राफ्ट) और अंतिम चरणों में हार्ड और सॉफ्ट दोनों प्रारूपों में पठनीय मतदाता सूचियां साझा की जाएंगी। चुनावी राज्यों के उम्मीदवारों को भी ड्राफ्ट और अंतिम सूचियां दी जाएंगी। चुनावों से पहले निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी द्वारा अन्य व्यक्तियों को बिक्री के लिए भी मतदाता सूचियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
युवाओं को शामिल करना सुनिश्चित करने के लिए, अगले साल 1 जनवरी को या उससे पहले 18 वर्ष के होने वाले युवाओं को नामांकन फॉर्म भरने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे उन्हें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में चुनावों से पहले मतदाता बनने में मदद मिलेगी।