Breaking News in Hindi

असलाम वालेकुम कहने की सजा सुनायी गयी

मुस्लिम आईपीएस को शुभेंदु की सरकार ने तत्काल बदल दिया

हिंदुवादी अज्ञात संगठन की शिकायत दर्ज

अपनी यूपीएससी की तैयारी पर बोल रही थी

अफसरों के भीतर इसे लेकर काफी प्रतिक्रिया

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के खड़गपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुशरा बानो का सोमवार को अचानक तबादला कर दिया गया और उन्हें पश्चिम बंगाल सशस्त्र पुलिस के उप कमांडेंट के रूप में तैनात किया गया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के कुछ दिनों बाद की गई है, जिसमें उन्हें अस्सलामुअलैकुम, इंशाअल्लाह और जजाकल्लाह जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुना गया था। उनके इस वीडियो को लेकर दक्षिणपंथी संगठनों की ओर से तीखी आलोचना की गई थी। एक रिपोर्ट के अनुसार, हिंदू लीगल फंड नामक एक एक्स हैंडल ने इस वीडियो को लेकर बंगाल के गृह सचिव के पास आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में युवा पुलिस अधिकारी पर वंदे मातरम या जय हिंद जैसे शब्दों का उपयोग न करने को लेकर आपत्ति जताई गई थी।

बुशरा बानो ने 13 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने विस्तार से बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी ने यूपीएससी की तैयारी में उनकी किस प्रकार मदद की थी। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, द जयपुर डायलॉग्स और हिंदू लीगल फंड जैसे कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने अस्सलामुअलैकुम (आप पर शांति हो), इंशाअल्लाह (भगवान ने चाहा तो) और जजाकल्लाह (भगवान आपको इसका फल दे) जैसे शब्दों का प्रयोग करने पर उनकी आलोचना की थी। इसके अलावा, सुदर्शन न्यूज ने भी कथित तौर पर इस मामले को यूपीएससी जिहाद के रूप में पेश करते हुए अधिकारी को निशाना बनाया था।

बुशरा बानो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की, जहां उन्होंने मैनेजमेंट स्टडीज में पीएचडी की डिग्री हासिल की और जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा भी उत्तीर्ण की। भारत में अपने सपनों को पूरा करने से पहले उन्होंने कुछ समय तक सऊदी अरब में सहायक प्रोफेसर के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। इस पूरी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक तीखी बहस छिड़ गई है।