Breaking News in Hindi

हिंदुत्ववादी नेता के खिलाफ चिराग पासवान की शिकायत

विवाद बढ़ा तो केंद्रीय मंत्री ने तुरंत अपना पीछा छुड़ाया

नाम घसीटा जा रहा है उनका

पीड़ित छात्रा के पक्ष में खड़ा हूं

फोटो तो अनेक लोगो लेते हैं साथ में

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने राइट-विंग इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ झूठे और सार्वजनिक रूप से उनका नाम घसीटने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र कार्यकर्ता (आंदोलनकारी) के पिता पर हुए हमले से जुड़ा हुआ है।

उनकी ओर से किए गए झूठे दावों से सुरक्षा की मांग करते हुए शिकायत पत्र में कहा गया है कि न तो चिराग पासवान और न ही उनकी पार्टी का भारद्वाज से कोई लेना-देना है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पीड़ित छात्रा और उनके घायल पिता के साथ मजबूती से खड़ी है।  शुक्रवार को चिराग पासवान ने कहा कि भारद्वाज ने उनके और अन्य नेताओं के नाम का दुरुपयोग किया है, जिसके चलते उन्होंने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चिराग पासवान ने संवाददाताओं से कहा, सार्वजनिक जीवन में कई लोग हमसे मिलने आते हैं और तस्वीरें खिंचवाते हैं। लेकिन उसके आधार पर यदि कोई व्यक्तिगत पहचान होने का दावा करता है, तो यह हमारे नाम का गलत इस्तेमाल है। हमलावर ने यह प्रभाव देने की कोशिश की है कि मेरे और मेरी पार्टी के कारण उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। अपने नाम के इस दुरुपयोग के खिलाफ मैंने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

स्वतंत्र भारद्वाज से दूरी बनाते हुए पासवान ने उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पासवान ने कहा, वह व्यक्ति खुलेआम स्वीकार कर रहा है कि उसने किसी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत भी हो सकती थी। यदि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो मुझे लगता है कि यह देश और जनता के सामने बहुत गलत मिसाल कायम करेगा।

अपनी पार्टी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की पुष्टि करते हुए पासवान ने दिल्ली पुलिस से उसके खिलाफ सख्त कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, मामले की गंभीरता को देखते हुए और चूंकि उस व्यक्ति ने कई अन्य राजनेताओं के साथ मेरे नाम का दुरुपयोग किया है, इसलिए मैंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय की लड़ाई में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।