हंगामे का सिलसिला दोनों सदनों में आज भी जारी रहा
केरल का नाम केरलम किया गया
रिफॉर्म्स बिल पर दो तरफा राय
सदन के भीतर और बाहर नारेबाजी
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः संसद के मानसून सत्र के दौरान भारी गहमागहमी देखने को मिली। राज्यसभा ने ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल, 2026 को पारित कर दिया है, जिसके साथ ही यह विधेयक संसद के दोनों सदनों से मंजूरी प्राप्त कर चुका है। बिल पर चर्चा के दौरान जहां आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने इसका विरोध किया, वहीं स्वाति मालीवाल इसके समर्थन में नजर आईं। हालांकि, विपक्ष ने इस विधेयक के विरोध में राज्यसभा से वॉकआउट (सदन से बाहर निकलना) किया।
दूसरी ओर, लोकसभा में भी महत्वपूर्ण विधायी कार्य पूरे किए गए। सदन ने केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित कर दिया। इसके बाद लोकसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। जब सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, तो नेता प्रतिपक्ष को बोलने दो बनाम राहुल भागो मत जैसे नारों के साथ एनडीए और विपक्षी सांसदों के बीच आमना-सामना हुआ। भारतीय जनता पार्टी के सांसद मदन राठौर ने राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर लोकतंत्र को नष्ट करने का प्रयास करने और चर्चा से भागने का आरोप लगाया।
संसद के बाहर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष पुलिस की बर्बरता और अयोध्या राम मंदिर दान पर चर्चा के लिए तैयार है। वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया है कि जब तक गृह मंत्री अमित शाह इस पर बयान नहीं देंगे, तब तक गतिरोध बना रहेगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संकेत दिया है कि अमित शाह छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर सदन में अपनी बात रखेंगे।वर्तमान में संसद के दोनों सदनों को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया है। राज्यसभा की कार्यवाही अब बुधवार सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी।