जमीन रजिस्ट्री का सिस्टम ही पूरी तरह ठप
बुडापेस्टः रोमानियाई भूमि रजिस्ट्री पर बड़ा साइबर हमला होने से कैडस्ट्रल सिस्टम ठप हो गया है। इससे देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में हड़कंप है। बाइटटूब्रीच नाम के एक हैकर ने रोमानिया की आधिकारिक भूमि रजिस्ट्री, जिसे कैडस्ट्रल सिस्टम भी कहा जाता है, में अवैध रूप से सेंधमारी की है। प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, हैकर ने न केवल इस महत्वपूर्ण सरकारी डेटाबेस से संवेदनशील डेटा चुराया, बल्कि बाद में डेटाबेस में मौजूद जानकारी को भी पूरी तरह से मिटा दिया।
रिस्की बिजनेस मीडिया आउटलेट को जानकारी देने वाले सूत्रों ने बताया कि हैकर ने वैध क्रेडेंशियल्स (यूज़रनेम और पासवर्ड) का उपयोग करके सिस्टम में प्रवेश किया था। डेटा निकालने के बाद हैकर ने ज़बरन वसूली की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास के विफल हो जाने पर उसने सर्वर्स से डेटा मिटा दिया। बाइटटूब्रीच वही हैकर माना जा रहा है जिसने इस वर्ष की शुरुआत में स्वीडिश सरकार के ई-पोर्टल में सेंध लगाई थी। चुराए गए इस डेटा को दो प्रमुख हैकिंग फोरम्स पर बिक्री के लिए ऑनलाइन पेश किए जाने की बात कही गई है।
इस साइबर हमले के कारण रोमानिया का पूरा रियल एस्टेट बाज़ार गंभीर रूप से प्रभावित और ठप हो गया है। स्थानीय समाचार आउटलेट जुर्नलुल दे आर्गेस ने नोटरी अना स्टैन की एक पोस्ट को उद्धृत किया, जिसमें उन्होंने लिखा: मैं एक नोटरी हूँ। मंगलवार से मैं न तो कोई लैंड रजिस्ट्री एक्सट्रैक्ट (स्वामित्व प्रमाण) जारी कर पा रही हूँ, न किसी बिक्री को प्रमाणित कर सकती हूँ और न ही मॉर्गेज दर्ज कर पा रही हूँ।
नागरिकों और नोटरियों के लिए स्वामित्व का कानूनी प्रमाण प्राप्त करना असंभव हो गया है, जिससे सभी नए संपत्ति लेनदेन पूरी तरह रुक गए हैं। यह संकट ऐसे समय में आया है जब कुछ ही हफ़्तों में रोमानियाई सरकार नए घरों की खरीद पर वैट को 9 फीसद से बढ़ाकर 21 फीसद करने जा रही है। ऐसे में समय-सीमा समाप्त होने से पहले अपने सौदे पूरे करने की उम्मीद कर रहे लोग सामान्य सेवाएँ बहाल होने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। इस बीच, नेशनल एजेंसी फॉर कैडस्ट्रै एंड रियल एस्टेट एडवरटाइज़िंग ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह वर्तमान में अपनी आईटी अवसंरचना के पूर्ण पुनर्गठन और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया पर काम कर रही है।