Breaking News in Hindi

जनता का समर्थन किसके साथ यह प्रमाणित हो गया

दगाबाज चले गये हैं, वापस नहीं लूंगीः ममता

शहीद परिवार भी ममता के साथ

सरकारी एजेंसियों से डर गये लोग

जो बचा है वही सोने की खान है

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः कोलकाता के तारामंडल के पास आयोजित तृणमूल कांग्रेस की विशाल रैली ने आज एक बार फिर यह साबित कर दिया कि चाहे कितने भी अवसरवादी नेता पार्टी छोड़कर चले जाएं, बंगाल की असली जनता और निष्ठावान कार्यकर्ता आज भी पूरी मजबूती के साथ अपनी नेता ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं। रैली में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने विरोधियों और दलबदलुओं पर सीधा हमला बोला।अदालत द्वारा भीड़ की संख्या बांधने का निर्देश का उल्लंघन कर हजारों लोग मुख्य मंच के चारों तरफ एकत्रित हुए और अपनी नेत्री का समर्थन किया। राज्य भर से इसमें लोगों ने भाग लिया।

ऋतव्रत और उनके सहयोगियों को पार्टी में वापस न लेने का स्पष्ट ऐलान करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, हमें क्षमा करें, अब पार्टी को आपकी कोई आवश्यकता नहीं है। आप जहाँ भी रहें—धन, मान और जीवन से सुखी रहें। ममता ने कड़े शब्दों में कहा कि जो चोर और अवसरवादी थे, वे पार्टी छोड़कर चले गए हैं और एक तरह से पार्टी का उनसे पीछा छूट गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का भय दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश की जा रही है। लेकिन डर का यह माहौल कुछ ही समय के लिए लोगों को चुप करा सकता है, हमेशा के लिए नहीं।

ऋतव्रत गुट को भाजपा की बी-टीम करार देते हुए उन्होंने भविष्यवाणी की कि यह टीम भी बहुत जल्द बिखर जाएगी। ममता ने कहा कि वे नए और समर्पित कार्यकर्ताओं की इस सोने की खान को साथ लेकर पार्टी की नई शुरुआत करेंगी। तमाम प्रलोभनों और दबावों के बावजूद शहीद परिवारों के सदस्यों का एकजुट होकर इस जनसभा में शामिल होना यह साफ दर्शाता है कि बंगाल की जनता का विश्वास आज भी केवल ममता बनर्जी पर है। इसके लिए ममता ने शहीद परिवारों का आभार जताया।

ममता बनर्जी ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा, कोलकाता से दिल्ली तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। चाहे सब छोड़कर चले जाएं, तब भी हमारे सांसद, विधायक और जनता हमारे साथ हैं। जब मैंने पार्टी शुरू की थी, तब हम सिर्फ दो पूर्व सांसद थे, लेकिन आज हमारा परिवार बहुत बड़ा है। हम सम्मान के साथ इस लड़ाई को जीतेंगे।

विपक्ष पर तीखा तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा बड़े-बड़े शामियाने लगाती है, फिर भी 400 लोग जुटाना भारी पड़ता है, जबकि कल से हो रही भारी बारिश और तूफ़ान के बावजूद तृणमूल के शहीद दिवस कार्यक्रम और जनता के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। ममता ने गर्व से कहा, हमारे असली रक्षक तो सूर्य, चंद्रमा, तारे, हमारी आम जनता और हमारे सच्चे कार्यकर्ता हैं। आज की इस ऐतिहासिक रैली ने यह साफ कर दिया कि तृणमूल की असली ताकत गद्दार नेता नहीं, बल्कि बंगाल की वह आम जनता है जो हर परिस्थिति में अपनी दीदी के साथ खड़ी है।