Breaking News in Hindi

आतंकी फंडिंग नेटवर्क में आईसएसआईएस का नेता गिरफ्तार

सीरिया के नई सरकार ने पहली बार आक्रामक कार्रवाई की

एजेंसियां

दमिश्कः सीरिया के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, एक हालिया जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि आईएसआईएस का एक सक्रिय सेल दारा प्रांत में सोने के व्यापारियों को निशाना बनाकर की जाने वाली हत्याओं और सशस्त्र डकैतियों के जरिए अपनी आतंकवादी गतिविधियों के लिए फंडिंग जुटा रहा था।

सीरियाई अधिकारियों ने बुधवार को घोषणा की कि उन्होंने देश के दक्षिणी हिस्से में सक्रिय आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के कई सेल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस बड़े सुरक्षा अभियान के दौरान आईएसआईएस के एक बेहद वरिष्ठ और खूंखार कमांडर फिरास अल-दाघेर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, अल-दाघेर संगठन के भीतर कई शीर्ष पदों पर रह चुका है, जिसमें आईएसआईएस का तथाकथित लेबनान और फिलिस्तीन का गवर्नर होना और बाद में आईएसआईएस के मुख्य खलीफा के निजी सहायक (पर्सनल एड) के रूप में काम करना शामिल है।

सीरिया के आंतरिक मंत्रालय और सामान्य खुफिया सेवा द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए इस सफल ऑपरेशन को देश के हालिया राजनीतिक संक्रमण के बाद से दमिश्क द्वारा घोषित सबसे महत्वपूर्ण आतंकवाद-विरोधी अभियानों में से एक माना जा रहा है। आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, जांच से पता चला है कि अल-दाघेर ने आईएसआईएस के कमांड ढांचे में बहुत तेजी से अपनी पैठ बनाई और शीर्ष पायदान पर पहुंचा।

दक्षिणी सीरिया में लगातार और सुनियोजित तरीके से की गई छापेमारी के बाद इस सुरक्षा अभियान में आईएसआईएस के कई अन्य गुर्गों को भी दबोचा गया है, जो लक्षित हत्याओं और संगठन के लिए धन जुटाने के काम में लिप्त थे। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह आतंकी सेल दारा प्रांत में सर्राफों और सोने के व्यापारियों को लूटता था और लूटे गए सोने को बेचकर मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने में करता था। पकड़े गए आतंकियों ने कबूल किया है कि उन्होंने आंतरिक मंत्रालय के दो कर्मियों की हत्या की, एक नाई की दुकान (बार्बर शॉप) के भीतर जानलेवा हमला किया जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई, और एक अन्य पीड़ित व उसकी पत्नी की रेकी करने के बाद उनकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।