Breaking News in Hindi

अगले दिसंबर में अमेरिका जा सकते हैं नरेंद्र मोदी

बिगड़े रिश्तों की आंच को महसूस कर रहा है अमेरिका

  • अमेरिकी राजदूत गोर ने जानकारी दी

  • जी 20 शिखर सम्मेलन होना है वहां

  • व्यापार समझौता जल्द हो जाएगा

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस साल दिसंबर में अमेरिका की यात्रा करने की प्रबल संभावना है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी दिसंबर में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अमेरिका जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाशिंगटन प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरी तरह उत्साहित है और उनका वहां आना दोनों देशों के लिए खुशी की बात होगी।

एक लीडरशिप समिट 2026 के दौरान राजदूत गोर ने बताया कि हाल ही में भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को आधिकारिक निमंत्रण दिया था। गोर ने भारत-अमेरिका के बीच लंबित अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर भी आशा जताई और कहा कि यह समझौता जल्द ही अंतिम रूप ले लेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर व्यक्तिगत रूप से बेहद गंभीर और सक्रिय हैं।

राजदूत गोर ने अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए कहा, मैं 10 वर्षों से राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ काम कर रहा हूँ। हमारी बातचीत अक्सर दो पुराने दोस्तों की तरह होती है, जहाँ हम अपने संबंधों और भारत के बढ़ते व्यापारिक महत्व पर चर्चा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार का आदान-प्रदान हर हफ्ते बढ़ रहा है और यह भारत और अमेरिका दोनों के लिए एक विन-विन (दोनों पक्षों की जीत) वाली स्थिति है।

व्यापार समझौते की जटिलताओं पर टिप्पणी करते हुए गोर ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर राष्ट्रपति के पूर्ण विश्वासपात्र हैं। उन्होंने कहा, यह कोई एक पन्ने का दस्तावेज नहीं है। हमारे दोनों देशों के बीच हजारों वस्तुएं और मुद्दे हैं जिन पर काम चल रहा है। प्रक्रिया जटिल है, लेकिन हम अंतिम समाधान के बहुत करीब हैं।

इस बीच, यूएसआईएसपीएफ के मानद वरिष्ठ सलाहकार अल मेसन ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध फिर से ऐतिहासिक गति प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने राजदूत सर्जियो गोर की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही राष्ट्रपति ट्रम्प और प्रधानमंत्री मोदी के बीच के रिश्ते फिर से पटरी पर आए हैं। मेसन ने कहा कि कभी विश्व भर में चर्चा का विषय रहने वाली ट्रम्प-मोदी की दोस्ती बीच में कुछ चुनौतियों के दौर से गुजरी थी, लेकिन अब यह पुनः अपनी मजबूती की ओर अग्रसर है।