प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से नईदिल्ली में खास बात चीत
-
भ्रष्टाचार, बेलगाम नौकरशाही और जनता में असंतोष
-
रिटायर्ड डीजीपी को पाल रखा है हेमंत की सरकार ने
-
भाजपा का मंथन और सबका साथ, सबका विकास
अमर नाथ सिंह
नई दिल्लीः झारखंड के पहले मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबूलाल मरांडी ने नई दिल्ली दौरे पर राष्ट्रीय खबर से विशेष बातचीत में दावा किया कि हेमंत सोरेन की सरकार के दिन अब लद गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी खजाना लूटा जा रहा है और खासकर नौकरशाही बेलगाम हो गई है, जिसे अब किसी का खौफ नहीं है। मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में भ्रष्टाचार शीर्ष पर है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता वर्तमान सरकार से ऊब गई है। विकास से जुड़ी योजनाएं शिथिल हैं, विकास ठप्प है और आम आदमी त्रस्त है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट्राचार में डूबी हेमंत सोरेन की सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपने वोट से जबरदस्त चोट देगी, क्योंकि लोग सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की अर्थव्यवस्था लगातार पटरी से उतर रही है और सरकार दिशाहीन होकर काम कर रही है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है और लोगों को दो जून की रोटी के लिए भटकना पड़ रहा है।
श्री मरांडी ने कहा कि राज्य की इस स्थिति के लिए गठबंधन में शामिल सभी राजनीतिक पार्टियाँ ही जिम्मेदार हैं, क्योंकि उनका अपना-अपना स्वार्थ और खेल है, इसलिए पूरे झारखंड में लूट खसोट का बोलबाला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार है, जिसकी अगुआई हेमंत सोरेन कर रहे हैं और गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों को पता है कि आगामी चुनाव में जनता उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार की ढिलाई या अधिकारियों को फ्री हैंड देने के कारण अफसरशाही मनमानी कर रही है। इसका नतीजा यह हुआ है कि अफसरों को जेल की हवा खानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि झारखंड में एक दर्जन से ज्यादा नौकरशाह जांच एजेंसियों के राडार पर हैं और अफसरशाही का जेल पहुँचना अब आम बात हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्त होने के बावजूद प्रभारी डीजीपी अनुराग गुप्ता को पाल रखा गया है, जो सरकार और रिटायर्ड डीजीपी के बीच हर स्तर पर साठगांठ को दर्शाता है। श्री मरांडी ने जोर देकर कहा कि शराब घोटाले की जड़ें काफी गहरी हैं और यह इतना बड़ा घोटाला है कि यह महागठबंधन की सरकार को तबाह करने के लिए काफी है और बहुत जल्द यह कांड सरकार को लील जाएगा।
श्री मरांडी ने कहा कि प्रदेश कैसे तरक्की करेगा, इसको लेकर सरकार के पास मास्टर प्लान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जात-पात की राजनीति नहीं करती है, बल्कि सबका साथ, सबका विकास ही भाजपा का मूल मंत्र है।
उन्होंने माना कि बीते विधानसभा चुनाव में वोटों का ध्रुवीकरण हुआ था और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जातिगत आधार पर चुनाव के दौरान खेल किया तथा जातिवाद का जहर घोलने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव में भाजपा के वोट प्रतिशत में कोई खास गिरावट नहीं आई है।
श्री मरांडी ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव परिणाम को लेकर काफी मंथन किया है और जहां परिणाम उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे, उनका आकलन कराया गया है। उन्होंने कहा कि जो खामियां हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाएगा ताकि भाजपा को रिकॉर्ड कामयाबी मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हुए ओवर कांफिडेंस की बात भी स्वीकार की, जिसका खमियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा, लेकिन इस बार कार्यकर्ता अलर्ट हैं।
श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा का फोकस किसी खास एक समुदाय पर नहीं है, बल्कि झारखंड की पूरी आबादी पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र, खासकर प्रधानमंत्री जी की झारखंड पर विशेष कृपा है। राज्य में दूसरी पार्टी की सरकार होने के बावजूद केंद्र का रुख झारखंड के प्रति काफी उदार है, जो यह दर्शाता है कि भाजपा किसी से भेदभाव नहीं करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मदद से कई योजनाएँ संचालित हैं और अब राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इन्हें ईमानदारी से क्रियान्वयन करे।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने कहा कि आदिवासियों के कल्याण के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की पूरी कोशिश होगी कि वह बिना भेदभाव के झारखंड के विकास पर ध्यान दे ताकि हर वर्ग के लोगों को लाभ मिल सके।
उन्होंने अपनी प्राथमिकता युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना बताया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार कहीं और उलझी हुई है, इसलिए राज्य लगातार पिछड़ रहा है और बिना मास्टर प्लान के काम कर रही है। उन्होंने अंत में कहा कि झारखंड की जनता हेमंत सरकार को झेल रही है और आगामी चुनाव में इसे उखाड़ फेंकेगी। भाजपा कार्यकर्ता पूरी लगन के साथ फील्ड में लगे हुए हैं ताकि झारखंड के भविष्य को बेहतर बनाया जा सके।