Breaking News in Hindi

ईडी ने सौरभ भारद्वाज पर छापामारी की

आम आदमी पार्टी ने कहा केंद्र के इशारे पर एक और फर्जी मामला

  • अस्पताल निर्माण में गड़बड़ी का आरोप

  • सत्येंद्र जैन के खिलाफ फिर मामला दर्ज

  • एसीबी की जांच में लगा है ऐसा आरोप

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः आम आदमी पार्टी के एक और नेता अब ईडी के छापों का शिकार हो गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को आप विधायक सौरभ भारद्वाज के आवास पर एक कथित अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ी जाँच के सिलसिले में छापेमारी की। ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक भारद्वाज स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल संसाधन जैसे प्रमुख विभागों का कार्यभार संभाल चुके हैं।

वह दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और आप के आधिकारिक प्रवक्ताओं में से एक हैं। छापों पर प्रतिक्रिया देते हुए, आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भारद्वाज के खिलाफ मामला फ़र्ज़ी है और उस समय का है जब वह मंत्री नहीं थे।

भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) के आधिकारिक बयान के अनुसार, दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के संबंध में, दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी ने आगे बताया कि 2018-19 में ₹5,590 करोड़ की लागत से 24 अस्पताल परियोजनाओं – 11 ग्रीनफील्ड और 13 ब्राउनफील्ड – को मंजूरी दी गई थी। ये परियोजनाएँ बेवजह देरी और अत्यधिक लागत वृद्धि में फंसी हुई हैं, जो बड़े पैमाने पर वित्तीय गबन का संकेत देती हैं। एसीबी ने आगे बताया कि उसे दिल्ली भर में विभिन्न अस्पतालों, पॉलीक्लिनिकों और आईसीवाई विंग के निर्माण के संबंध में भारी अनियमितताएँ, अस्पष्टीकृत देरी और धन का महत्वपूर्ण दुरुपयोग मिला है।

एसीबी ने कहा, सक्षम प्राधिकारी से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17ए के तहत अनुमोदन प्राप्त करने के बाद मामला दर्ज किया गया था। 22.08.2024 को, दिल्ली के तत्कालीन विपक्ष नेता विजेंद्र गुप्ता से एक विस्तृत शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें जीएनसीटीडी के तहत विभिन्न स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं में गंभीर अनियमितताओं और संदिग्ध भ्रष्टाचार को उजागर किया गया था।

यह पहली बार नहीं है जब किसी आप नेता पर ईडी की छापेमारी हुई है। मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, अमानतुल्लाह खान और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसे पूर्व मंत्रियों और नेताओं पर भी ईडी की छापेमारी हो चुकी है। वैसे सत्येंद्र जैन के खिलाफ सीबीआई द्वारा अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि श्री जैन को उन मामलों में कोई राहत नहीं मिली हैं, जिनमें वह तीन साल से  जेल में थे और अभी जमानत पर है। इस बयान के तुरंत बाद ही सत्येंद्र जैन पर फिर से एक और मामला दर्ज हो गया है।