मोहन भागवत के रिटायरमेंट वाले बयान पर राजनीति गरमायी
-
नरेंद्र मोदी के 75 साल पूरे होने पर टिप्पणी की
-
गडकरी के पास ठोस विकास योजना हैः गोपालकृष्ण
-
अपने विभाग में श्रेष्ठ मंत्री साबित हुए हैं वह
राष्ट्रीय खबर
बेंगलुरुः कर्नाटक कांग्रेस विधायक बेलूर गोपालकृष्ण ने सुझाव दिया है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श उत्तराधिकारी हैं, बशर्ते वे 75 वर्ष की आयु में पद छोड़ दें। विधायक की यह टिप्पणी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयानों के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने 75 वर्ष की आयु में नेताओं के पद छोड़ने की बात कही थी।
बुधवार को नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान, आरएसएस प्रमुख भागवत ने संघ विचारक दिवंगत मोरोपंत पिंगले के 75 वर्ष की आयु के बाद पद छोड़ने संबंधी बयान का हवाला दिया। गडकरी को देश का अगला प्रधानमंत्री होना चाहिए, क्योंकि गडकरी आम आदमी के साथ हैं। उन्होंने राजमार्गों और अन्य क्षेत्रों में देश के विकास के लिए अच्छा काम किया है।
गोपालकृष्ण ने कहा, देश की जनता उनकी सेवा और उनके व्यक्तित्व को जानती है। शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए, उन्होंने गडकरी द्वारा कथित तौर पर दिए गए एक बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने देश के गरीबों के प्रति चिंता व्यक्त की थी और दावा किया था कि अमीर और अमीर होते जा रहे हैं।
इसे देखते हुए, ऐसा लगता है कि उनके पास देश के विकास के लिए एक अवधारणा है और ऐसे लोगों को प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए। मोहन भागवत ने संकेत दिया है कि जो लोग 75 वर्ष के हो गए हैं, उन्हें पद छोड़ना होगा, इसलिए मुझे लगता है कि गडकरी के लिए समय आ गया है।
यह दावा करते हुए कि वरिष्ठ भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा को 75 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया था, कांग्रेस विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी नेता मोदी के बारे में नहीं बोल रहा है।
भाजपा के पापियों ने उन्हें (येदियुरप्पा को) आँखों में आँसू भरकर इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया। वह एक वरिष्ठ नेता थे जिन्होंने भाजपा को बनाया और राज्य में सत्ता में लाए। मोदी जी के साथ ऐसा व्यवहार क्यों? उन्होंने कहा, क्या मोदी के निर्देश पर ही येदियुरप्पा को पद से हटाया नहीं गया? मोहन भागवत ने भी यही कहा है कि 75 साल की उम्र के बाद सत्ता में नहीं रहना चाहिए और दूसरों को मौका देना चाहिए, इसलिए मुझे लगता है कि गडकरी को मौका दिया जाएगा।