कई परेशानियों से जूझ रहे डी आर कांगो की नई परेशानी
एंथ्रेक्स महामारी की पुष्टि हुई है
सेमुलिकी नदी में शव मिल रहे हैं
दूसरे जीवों तक इसके प्रसार का खतरा
विट्शुम्बीः कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य पहले से ही अपने इतिहास के सबसे घातक इबोला प्रकोप से जूझ रहा है, वहीं अब देश के पूर्वी हिस्से में स्थित प्रसिद्ध विरुंगा नेशनल पार्क में एक और बीमारी ने वन्यजीवों को भारी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। पिछले चार हफ्तों के दौरान, अफ्रीका के सबसे पुराने नेशनल पार्क के पश्चिम में बहने वाली सेमुलिकी नदी में दरियाई घोड़ों के कई शव मिलने से पार्क के किनारे रहने वाले स्थानीय समुदायों में गहरी चिंता फैल गई है।
गोमा (उत्तरी किवु प्रांत की राजधानी) से लगभग 100 किलोमीटर उत्तर में स्थित विट्शुम्बी एन्क्लेव के निवासी माइकल कंबाल ने बताया, हमने सितंबर के मध्य में सेमुलिकी नदी में दरियाई घोड़ों की सामूहिक मौतों को देखना शुरू किया था। इबोला संकट के बीच हो रही इन घटनाओं ने हम सहमा दिया है।
प्रयोगशाला में हुए परीक्षणों के बाद विरुंगा नेशनल पार्क के अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से पुष्टि कर दी है कि वन्यजीवों की इस सामूहिक मौत के पीछे बैसिलस एंथ्रेसिस बैक्टीरिया के कारण फैलने वाली एंथ्रेक्स बीमारी जिम्मेदार है। पार्क अधिकारियों के अनुसार, लगभग एक महीने के भीतर कुल 28 दरियाई घोड़ों की मौत हो चुकी है।
पार्क प्रशासन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में चेतावनी दी गई है, यह बीमारी मृत या बीमार पशु के संपर्क में आने से या उसका मांस खाने से इंसानों में भी फैल सकती है। पारिस्थितिकी और पशु चिकित्सा विशेषज्ञ जोएल मबुसा मापोली ने कहा कि यह मौतें विरुंगा नेशनल पार्क के लिए एक बड़ी क्षति हैं और इस प्रकोप को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि दरियाई घोड़े पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो पोषक तत्वों के प्रवाह और अपने आवास की पर्यावरणीय स्थितियों को संतुलित रखते हैं।