Breaking News in Hindi

कोई खुद ही पुलिस बनने की गलती ना करेः शिवकुमार

स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने की बात कही

स्थानीय भागीदारी बहुत कम है अभी

कोई भी मोरल पुलिसिंग नहीं करे

कंपनियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी

राष्ट्रीय खबर

बेंगलुरुः कर्नाटक रक्षण वेदिके द्वारा रोजगार आंकड़े साझा करने के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा दिए जाने के ठीक एक दिन बाद, मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने निजी कंपनियों से भर्ती अभियानों के दौरान स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। उन्होंने कंपनियों को पूर्ण सरकारी सहायता देने तथा किसी भी प्रकार की नैतिक पुलिसिंग (मोरल पुलिसिंग) या हस्तक्षेप से सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

मंगलवार को केआरवी के अध्यक्ष ने कहा था कि रोजगार डेटा एकत्र करने का यह अभियान नवंबर भर जारी रहेगा। बुधवार को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान शिवकुमार ने कहा कि कुशल युवाओं को काम पर रखने की इच्छुक कंपनियां सरकार से संपर्क कर सकती हैं, जो एक सुविधा प्रदाता के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने कहा, मैं आपसे फिर से कर्नाटक के स्थानीय उम्मीदवारों को महत्व देने का अनुरोध करता हूं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अपने पद का दुरुपयोग न करे और कोई नैतिक पुलिसिंग न हो।

शिवकुमार ने दोहराया कि राज्य सरकार कौशल मापदंडों में हस्तक्षेप नहीं करेगी, लेकिन कंपनियों को कन्नड़ लोगों को प्राथमिकता देनी चाहिए क्योंकि राज्य में बेहतरीन टैलेंट मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कन्नड़ मुद्दों या दफ्तरों के कामकाज में किसी को भी अनुचित हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

दूसरी ओर, केआरवी अध्यक्ष टी. ए. नारायण गौड़ा ने दावा किया कि संगठन के अभियान के बाद राज्य सरकार को एक व्यापक रिपोर्ट सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस या सरकार के दबाव के बावजूद आईटी कंपनियों से भर्ती आंकड़े जुटाने का अभियान वापस नहीं लिया जाएगा। गौड़ा ने दावा किया कि बेंगलुरु में काम कर रही आईटी कंपनियों में फिलहाल कन्नड़ लोगों की हिस्सेदारी केवल 20 से 23 प्रतिशत ही है।