Breaking News in Hindi

प्रधानमंत्री मेट्रो परियोजनाओँ का उदघाटन करेंगे

इक्कीस हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास

कई इलाकों तक सेवा का विस्तार

ऑनलाइन माध्यम से होगा कार्यक्रम

तीस फीसद सौर ऊर्जा का उपयोग

राष्ट्रीय खबर

मुंबईः प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 3 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगभग 21,800 करोड़ रुपये की पुणे मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री 8,300 करोड़ से अधिक की लागत से बनी पुणे मेट्रो लाइन 3, जिसे पिंक लाइन भी कहा जाता है, का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना तकनीकी नवाचार और आधुनिक परिवहन समाधानों के माध्यम से पुणे के शहरी गतिशीलता ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

लगभग 23 किलोमीटर में फैली पिंक लाइन मान को जिला अदालत मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। यह कॉरिडोर हिंजवड़ी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे पुणे के प्रमुख रोजगार केंद्रों तक पहुंच बेहतर होगी और हजारों आईटी पेशेवरों व अन्य यात्रियों का दैनिक आवागमन आसान होगा। यह कॉरिडोर मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेगा, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में सहज आवाजाही हो सकेगी। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, यातायात की भीड़ और वाहनों के उत्सर्जन में कमी आएगी।

पिंक लाइन की एक उल्लेखनीय विशेषता महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समावेशी सार्वजनिक परिवहन पर जोर देना है। इस लाइन का संचालन पूरी तरह से महिला ट्रेन ऑपरेटरों द्वारा किया जाएगा, जो अपनी तरह की पहली पहल है। यह परियोजना पर्यावरणीय स्थिरता पर भी बल देती है, जिसकी कुल बिजली आवश्यकताओं का लगभग 30 फीसद सौर ऊर्जा से पूरा करने की परिकल्पना की गई है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री लगभग 13,500 करोड़ की अनुमानित लागत से विकसित होने वाले पुणे मेट्रो के चरण-2 की आधारशिला रखेंगे। चरण-2 में पुणे मेट्रो लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल हैं, जो शहर के मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करेंगी और प्रमुख आवासीय, वाणिज्यिक व आईटी हब को जोड़ेंगी। चरण-2 के तहत, लाइन 2ए और 2बी की कुल लंबाई लगभग 12.75 किलोमीटर होगी। लाइन 2ए वनाज़ को चांदनी चौक से जोड़ेगी, जबकि लाइन 2बी रामवाड़ी को विट्ठलवाड़ी से जोड़कर पूर्व-पश्चिम नेटवर्क का विस्तार करेगी। लगभग 25.52 किलोमीटर लंबी लाइन 4 खराड़ी को खड़कवासला से जोड़ेगी, वहीं 6.12 किलोमीटर लंबी लाइन 4ए नल स्टॉप को मानिक बाग से जोड़ेगी। ये नए कॉरिडोर खराड़ी, मगरपट्टा, हडपसर, स्वारगेट, मानिक बाग, नांदेड़ सिटी, पुणे छावनी और वारजे जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेंगे। स्वारगेट, नल स्टॉप और खराड़ी बाईपास पर इंटरचेंज सुविधाओं के माध्यम से यह नेटवर्क अंतर-शहर बस सेवाओं और मौजूदा पुणे मेट्रो से जुड़ेगा।