Breaking News in Hindi

युद्ध और होर्मुज को खोलने के मुद्दे पर कूटनीतिक प्रयास जारी

कतर के प्रतिनिधि से मिले विदेश मंत्री अराघची

तेहरानः ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुधवार को कहा कि तेहरान मध्य पूर्व युद्ध को समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की सात-दिवसीय योजना को लागू करने के तरीकों पर मध्यस्थों के साथ गंभीर चर्चा कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जहाँ हमारी सशस्त्र सेनाएँ मातृभूमि की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं, वहीं इरान कूटनीति को सफल होने का पूरा अवसर दे रहा है। उन्होंने कहा कि इरान मध्यस्थों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि सात-दिवसीय योजना को एक सप्ताह से भी कम समय में लागू करने के विचारों की समीक्षा की जा सके।

यह बयान अमेरिका और इज़राइल द्वारा इरान के खिलाफ नए हमलों की बढ़ती धमकियों के बीच आया है। इससे पहले सितंबर में, इरान ने एक सात-दिवसीय योजना का प्रस्ताव दिया था, जिसे कतर के माध्यम से संयुक्त राज्य अमेरिका तक पहुँचाया गया था। अराघची ने उस समय स्पष्ट किया था कि इस योजना के तहत यदि मध्य पूर्व में पूर्ण युद्धविराम सहित आवश्यक शर्तें पूरी की जाती हैं, तो होर्मुज जलडमरूमध्य को सात दिनों के भीतर जहाजों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया जाएगा।

इसके अलावा, इरान ने विदेश में जब्त अपनी संपत्ति को मुक्त करने, अपने तेल क्षेत्र पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने और अमेरिकी नौसेना द्वारा की गई नाकेबंदी को समाप्त करने की भी सख्त मांग रखी है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, कतर की अगुवाई में क्षेत्रीय मध्यस्थ अमेरिका-इरान वार्ता को फिर से शुरू करने और 3 नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यवधि चुनावों के बाद युद्ध को दोबारा शुरू होने से रोकने के लिए एक कूटनीतिक समझौते पर जोर दे रहे हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, कतरी प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता, होर्मुज और ऊर्जा आपूर्ति पर चर्चा के लिए हाल ही में तेहरान का दौरा किया था। मध्यस्थ इरान को इस बात के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह अमेरिकी प्रतिबंधों में राहत के बदले संयुक्त राष्ट्र के परीक्षकों को अपने प्रभावित परमाणु स्थलों का दौरा करने की अनुमति दे। युद्ध शुरू होने के बाद से ही इरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण का दावा करता रहा है, जबकि अमेरिका ने भी इरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर रखी है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गहरा असर पड़ा है।