न्यायमूर्ति की टिप्पणी से भड़क गये थे अनेक अधिवक्ता
न्यायमूर्ति भनोट के खिलाफ आक्रोश
कोर्ट रूम में पुलिस को विशेष सुविधा
अदालती वहिष्कार की भी चेतावनी
राष्ट्रीय खबर
लखनऊः इलाहाबाद उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन द्वारा एक वकील के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर न्यायमूर्ति अजय भानोट की अदालत का बहिष्कार करने की धमकी देने के एक दिन बाद, न्यायाधीश के कोर्ट रूम में जोरदार हंगामा खड़ा हो गया। इस दौरान वकीलों ने उग्र प्रदर्शन किया और कथित तौर पर पीठ की ओर फर्नीचर फेंक दिया।
बार एसोसिएशन ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि न्यायमूर्ति भानोट ने एक वकील को पुलिस अधीक्षक से माफी मांगने पर मजबूर किया, क्योंकि वकील ने पुलिस अधिकारी के उस कतार में बैठने पर आपत्ति जताई थी जो आमतौर पर वकीलों के लिए आरक्षित होती है। बार एसोसिएशन का कहना था कि न्यायमूर्ति भानोट के कोर्ट रूम में पुलिस अधिकारियों और अन्य उच्च अधिकारियों के लिए अलग कुर्सी रखी जा रही थी, जिस पर वकील ने एसपी से पीछे हटने को कहा था।
बार संस्था का आरोप है कि न्यायाधीश ने वकील को जेल भेजने की धमकी दी और एक अन्य वरिष्ठ वकील का भी उपहास उड़ाया। एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश से वकील के साथ हुए इस कथित दुर्व्यवहार का संज्ञान लेने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि यदि कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उसके सदस्य न्यायमूर्ति भानोट की अदालत का बहिष्कार करेंगे।
बुधवार को उच्च न्यायालय से साझा किए गए वीडियो में कई वकील न्यायमूर्ति भानोट के कोर्ट रूम के बाहर एकत्र होते दिखे, जहां वे न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत के साथ बैठे थे। वकीलों ने नारेबाजी की और कथित तौर पर कोर्ट रूम के भीतर फर्नीचर और अन्य सामान फेंक दिया। कुछ रिपोर्टों में यह दावा भी किया गया कि न्यायमूर्ति भानोट पर जूता फेंका गया था, हालांकि स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है।