कोकोमी का एलान, भारत का प्रॉक्सी युद्ध खत्म हो
आगामी 31 अक्टूबर से आंदोलन की घोषणा
इंफाल में दागे आंसू गैस के गोले, 6 घायल
शांति पर कुकी इनपी का रुख, समान न्याय
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटी: मणिपुर की राजधानी इंफाल के न्यू चेकॉन इलाके में गुरुवार को एक बार फिर हिंसा भड़क उठी, जिससे राज्य में तनाव और गहरा गया है। तीन मैतेई नागरिकों की हत्या के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शनकारियों ने कुछ घरों में आग लगा दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई झड़प में कुछ लोग घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और स्टन ग्रेनेड छोड़े, जिसमें कम से कम छह प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
तनाव तब और अधिक बढ़ गया जब मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह और गृह मंत्री गोविंदस कोंथौजम ने इंफाल पश्चिम के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पहली मणिपुर स्टेट पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शिरकत की। इन हत्याओं के कारण बने शोक के माहौल के बीच मंत्रियों की उपस्थिति से नाराज प्रदर्शनकारियों ने आयोजन स्थल की ओर बढ़ने का प्रयास किया। खुराई लमलोंग पुल के पास पुलिस द्वारा रोके जाने पर हुई कार्रवाई में तीन महिला प्रदर्शनकारी घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधि भी इस चैंपियनशिप में शामिल हुए थे।
इस बीच, कुकी जनजातियों की शीर्ष संस्था कुकी इनपी मणिपुर (केआईएम) ने केंद्र और राज्य सरकार पर जातीय संघर्ष के पीड़ितों के मामलों में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। संगठन ने 32 कुकी-ज़ो नागरिकों की मौत, 211 से अधिक घरों को जलाने और 2,500 से अधिक लोगों के विस्थापन पर पर्याप्त संस्थागत कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने केंद्र और मणिपुर की भाजपा सरकारों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सीमा पार आतंकवाद से निपटने में पूरी तरह विफल करार दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह ने बताया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को ज्ञापन सौंपकर जातीय हिंसा रोकने के लिए तत्काल और ठोस कदम उठाने की मांग की है। दूसरी ओर, कोऑर्डिनेटिंग कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी (कोकोमी) और नागा नागरिक समाज संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार 30 अक्टूबर तक संघर्ष समाप्त नहीं करती है, तो वे 31 अक्टूबर से पूरे राज्य में एक व्यापक अभियान शुरू करेंगे। कोकोमी के संयोजक वाईके धीरेन ने इस संघर्ष को प्रॉक्सी वॉर करार देते हुए सरकार पर शांति बहाली को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।