अपने आंदोलन को जारी रखने के एलान के साथ चेतावनी
पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी
हरकत बताते हैं कि सरकार डर गयी
पूरे देश भर में फैलेगा यह आंदोलन
राष्ट्रीय खबर
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की अपनी मांग को दोहराया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और यह सरकार दोनों जाएंगे, जिसके बाद ही लोकतंत्र के पुनरुद्धार की प्रक्रिया शुरू होगी।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जंतर-मंतर पर आयोजित विशाल विरोध प्रदर्शन को देखते हुए लागू की गई अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच आई है। केंद्र सरकार ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं, जिनमें मेट्रो सेवाओं और मोबाइल इंटरनेट पर लगाए गए कड़े प्रतिबंध शामिल हैं।
युवाओं और नए दौर के प्रदर्शनकारियों को एकजुट करते हुए, सीजेपी ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार, 10 अक्टूबर को इस विशाल प्रदर्शन का आह्वान किया था। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन दिनोंदिन और तेज होता चला जाएगा और मांगों की पूर्ति होने तक यह जारी रहेगा। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि सिर्फ एक व्यक्ति को बचाने की यह सरकारी कवायद अंततः ज्ञानेश कुमार के साथ साथ पूरी सरकार को भी ले डूबेगी।
उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर एक प्रमुख दबाव समूह के रूप में उभरने के बाद सीजेपी का यह दूसरा बड़ा प्रदर्शन है। इससे पहले, नीट पेपर लीक विवाद को लेकर इस समूह ने इसी स्थान पर तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए व्यापक प्रदर्शन किया था, जिससे यह आंदोलन देशभर में सुर्खियों में आया था।