Breaking News in Hindi

यह ब्लैक इमरजेंसी जैसी हालत बना दी गयीः आप

प्रदर्शन के तहत अलग अलग स्थान से कई पूर्व सीएम गिरफ्तार

अलग अलग स्थानों पर गिरफ्तारी

एक को बचाने के लिए छावनी बनाया

आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता

राष्ट्रीय खबर

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने शनिवार को केंद्र की बीजेपी नीत सरकार पर देश में काला आपातकाल लागू करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह बयान जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद सामने आया है। इस दौरान अलग अलग स्थानों पर कई पूर्व मुख्यमंत्रियों को रोका गया है। इनमें पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हैं।

आप विधायक गोपाल राय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार ने केवल एक व्यक्ति को बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया और ट्रेनों को रद्द कर दिया। उन्होंने कहा, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के बजाय, केंद्र ने देश में ब्लैक इमरजेंसी घोषित कर दी है। आज, कुमार को बचाने के लिए आपने दिल्ली को एक छावनी में बदल दिया है। लेकिन यह बात याद रखें, आप चाहें जितनी ताकत लगा लें, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता।

आप के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा कि प्रदर्शनकारी केवल अहिंसक तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन भारी सुरक्षा बलों की तैनाती से देश में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। भारद्वाज ने कहा, आप ताकत के बल पर जेन जेड को चुप नहीं करा सकते; ये हमारे देश के युवा हैं, उनसे बात कीजिए, उनसे संवाद कीजिए। बीजेपी सरकार यह साबित करना चाहती है कि हम एक डरा हुआ देश हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है; हम अहिंसा और भारत के संविधान में विश्वास रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने कथित वोट चोरी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार शाम 6 बजे तक शहर के 45 स्टेशनों को बंद रखने का निर्देश जारी किया था।