मंच पर गद्दार ज्ञानेश के पोस्टर के साथ प्रदर्शन
मुंबई में भी सीजेपी के लोग गिरफ्तार
जंतर मंतर पर भारी सुरक्षा बल तैनात
मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को जंतर-मंतर के पास हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया। विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के बड़े पैमाने पर नाम हटाने का आरोप लगाते हुए श्री कुमार के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आसपास के कई इलाकों से पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के नेताओं के अलावा वामपंथी और कांग्रेस छात्र संगठनों के अलावा अन्य युवा संगठनों के सदस्य शामिल थे।


इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन की तैयारी के चलते मुंबई के शिवाजी पार्क के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया।
पुलिस द्वारा प्रदर्शन की अनुमति न दिए जाने के बावजूद सैकड़ों प्रदर्शनकारी मार्च निकालते हुए शिवाजी पार्क पहुंचे और हाथों में तिरंगा थामे गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। दोपहर के इस शांत समय में ज्ञानेश, इट्ज़ डन, ब्रो के नारों और रंग दे बसंती जैसे देशभक्ति गीतों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया।
मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने जंतर-मंतर के पास सुरक्षा व्यवस्था के बीच 12 दिल्ली मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आप कितने मेट्रो स्टेशन बंद करेंगे, जनता पैदल या दौड़कर भी पहुंचेगी। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार का अंत एक तानाशाही शासन का अंत होगा और जनता की जीत निश्चित है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली समेत 12 स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वार अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली, बाराखंबा और सेंट्रल सचिवालय पर इंटरचेंज सुविधा बहाल रखी गई है।
जंतर-मंतर पर पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों के साथ दंगा रोधी वाहन तैनात किए गए हैं, और इलाके की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय से अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मांगे गए हैं।