यह अंतर्राष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन ही है
दमिश्कः सीरियाई अधिकारियों के अनुसार, देश की राजधानी दमिश्क के दक्षिण-पश्चिम में स्थित बीत जिन गांव पर एक इजरायली हवाई हमला हुआ है। इस सैन्य कार्रवाई में एक नागरिक वाहन को स्पष्ट रूप से निशाना बनाया गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद सीरियाई प्रशासन ने इस इजरायली सैन्य कार्रवाई को कड़े शब्दों में खारिज करते हुए इसे देश की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन करार दिया है।
यह सनसनीखेज घटना पिछले एक हफ्ते के भीतर सीरियाई क्षेत्र पर किया गया दूसरा ऐसा ज्ञात इजरायली हमला है, जिससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव काफी बढ़ गया है। दूसरी ओर, इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट के माध्यम से यह दावा किया गया कि उनके सुरक्षा बलों ने एक विशेष आतंकवादी को लक्षित किया था जो सैनिकों के लिए आसन्न और गंभीर खतरा पैदा करने वाले आगामी हमलों की अंतिम तैयारी में जुटा हुआ था।
यह ताजा सैन्य घटनाक्रम उस महत्वपूर्ण रिपोर्ट के कुछ दिनों बाद सामने आया है जिसमें दावा किया गया था कि इजरायल ने तुर्किये की सीमा के नजदीक स्थित एक सामरिक सैन्य एयरबेस पर भी ताबड़तोड़ हमले किए थे। सीरियाई सरकार ने इन कार्यवाइयों को पूरे क्षेत्रीय माहौल में तनाव और अस्थिरता को भड़काने वाला बताया था।
उल्लेखनीय है कि सीरिया में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के नाटकीय पतन के बाद से ही वहां की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, पुनर्निर्माण के प्रयास और क्षेत्रीय भू-राजनीतिक कूटनीति पर अंतरराष्ट्रीय बिरादरी की लगातार पैनी नजर बनी हुई है। दूसरी तरफ इजरायली नागरिक लगातार सीरिया के क्षेत्र में प्रवेश करने तथा वहां के जमीन और घरों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस कोशिश में वहां तैनात इजरायली रक्षा बलों के साथ कई बार उनकी झड़प भी हो चुकी है।