Breaking News in Hindi

फ्लाईदुबई के यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट की हालत स्थिर

खोपड़ी की हड्डी टूटी और आंख की रोशनी धुंधली

ऑप्टिक तंत्रिका पर असर पड़ा है

याददाश्त पर भी इसका प्रभाव है

धीरे धीरे स्वस्थ्य हो रहे हैं वह

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः फ्लाईदुबई के कॉकपिट में हुई हमले की घटना में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की शारीरिक स्थिति को लेकर नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। विमान के ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्माम के हमले में स्मित को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में उनकी खोपड़ी (स्कल) की हड्डी टूट गई है। सिर पर लगी चोट का असर उनकी ऑप्टिक तंत्रिका पर भी पड़ा है, जिसकी वजह से उनकी दृष्टि (आंखों की रोशनी) धुंधली हो गई थी।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हाल ही में हुई बातचीत में स्मित ने बताया, मैंने उसे रोकने की कोशिश की थी। लेकिन शुरुआती हमलों की वजह से मेरी दृष्टि लगभग चली गई थी। मुझे सब कुछ धुंधला दिखाई दे रहा था।

चिकित्सा संबंधी नई जानकारी के अनुसार, स्मित की चोटें काफी गंभीर थीं। घटना के बाद जब फ्लाईदुबई का विमान सऊदी अरब में उतरा, तो सऊदी अधिकारियों ने उनकी टूटी हुई खोपड़ी का इलाज किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें संयुक्त अरब अमीरात ले जाया गया। इस भयानक हमले का असर स्मित की याददाश्त पर भी पड़ा है। नेतन्याहू से बातचीत में उन्होंने कहा, मेरी याददाश्त अभी भी टुकड़ों में है। हालांकि, उस समय की बस इतनी सी बात ही मुझे याद है।

स्मित की पत्नी सोनल मच्छर ने बताया कि पायलट पति पर किसी भी तरह का मानसिक दबाव न आए, इसलिए परिवार इस हमले की विस्तृत चर्चा करने से बच रहा है। सूत्रों के मुताबिक, स्मित के सिर में तेज दर्द बना हुआ है और उन्हें भारी मात्रा में सिडेटिव (शांत करने वाली दवाएं) तथा दर्द निवारक दवाइयां दी जा रही हैं। इसके अलावा उनकी न्यूरोलॉजिकल (तंत्रिका तंत्र से जुड़ी) स्थिति की भी जांच की जा रही है और उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है।

उनकी सेहत की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया, वह अब थोड़े-थोड़े कदम रखकर चलना शुरू कर चुके हैं और उन्होंने थोड़ा-थोड़ा खाना भी शुरू कर दिया है। देखकर ऐसा लगता है कि वह धीरे-धीरे स्वस्थ होने की राह पर हैं।

अबू धाबी के एक विशेष चिकित्सा केंद्र में उनका इलाज चल रहा है और उनका परिवार इस इलाज से संतुष्ट है। सूत्रों के अनुसार, यूएई की जांच एजेंसियों ने स्मित का शुरुआती बयान भी दर्ज कर लिया है। सबसे खास बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी स्मित ने एक बार फिर से विमान उड़ाने की इच्छा जताई है। डॉक्टरों का पूरा ध्यान इस बात पर है कि उनकी दृष्टि पूरी तरह से ठीक हो जाए ताकि भविष्य में विमान चलाने में उन्हें कोई परेशानी न हो।