रियाद हवाई अड्डे पर हूती मिसाइल हमले का असर भारत प
रियादः सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित हवाई अड्डे पर शनिवार को हुए मिसाइल हमले में घायल हुए एक भारतीय व्यक्ति की रविवार को मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हैदराबाद के रहने वाले मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में हुई है, जो उमराह के लिए मदीना जा रहे थे। इस हमले की वजह से अली की पत्नी और बच्चे भी घायलों में शामिल हैं।
इस मौत के बाद हादसे में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने पड़ोसी देश यमन में ईरान समर्थित हूथी विद्रोहियों को इस भीषण हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
सऊदी अरब में स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को स्वदेश भेजने में हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले के संबंध में अपडेट। यह पता चला है कि रियाद हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की आज दुर्भाग्यवश मृत्यु हो गई है। हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम परिवार के संपर्क में हैं और शव को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स पर लिखा कि जान गंवाने वाले व्यक्ति मोहम्मद यूसुफ अली हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के सदस्य भी हमले में घायल हुए हैं। यह पुष्टि हो गई है कि यूसुफ साहब का निधन हमले में हो गया है… उनके बेटे की घुटने की सर्जरी हो रही है, दूसरा बेटा अस्पताल में है और उसके 3 पैर की उंगलियां काट दी गई हैं। उनकी बेटी और पत्नी सुरक्षित हैं। उनकी चाची उनके साथ थीं, जिनके सिर में चोट आई है लेकिन वे खतरे से बाहर हैं। मैं रियाद में यूसुफ के बहनोई के संपर्क में हूं। उन्होंने बताया कि यह परिवार तेलंगाना के हैदराबाद का रहने वाला है।
यह मिसाइल किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उस परिसर पर गिरी, जिसमें घरेलू उड़ानों के लिए टर्मिनल 3 और 4 बने हुए हैं। नई दिल्ली ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए मिसाइल हमले की निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचों पर इस तरह के बार-बार होने वाले हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, हम पिछले कुछ दिनों में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए बार-बार हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 10 अक्टूबर का कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है, जिसके कारण जानमाल का नुकसान, चोटें और संपत्ति को नुकसान हुआ है। शनिवार को हुआ यह हमला ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से किसी भी खाड़ी अरब देश में सबसे घातक हमला था। सऊदी बयान में कहा गया कि पीड़ितों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी नागरिक, एक फिलिस्तीनी, एक अमेरिकी नागरिक, एक मिस्रवासी, एक जॉर्डनवासी, एक सीरियाई और एक सूडानी नागरिक शामिल हैं। बयान में यह भी बताया गया कि घायलों का इलाज कई अस्पतालों में किया जा रहा है।