इंडोनेशिया के दौरे पर वहां का शीर्ष सम्मान प्रदान किया
-
राष्ट्रपति सुबियांतो से मुलाकात में चर्चा
-
कई मुद्दों के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर
-
सेल का संयुक्त उद्यम वहां स्थापित होगा
एजेंसियां
नईदिल्लीः एक भारतीय सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल प्रणाली और अस्त्र हवा-से-हवा में मार करने वाली मिसाइल की आपूर्ति करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दो दिवसीय इंडोनेशिया यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात की। साल 2023 के बाद से इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की यह उनकी पहली यात्रा है।
जकार्ता में हुई एक घोषणा के अनुसार, भारत-रूस के संयुक्त उद्यम मिसाइल निर्माता ब्रह्मोस और इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय ने ब्रह्मोस मिसाइल रक्षा प्रणाली के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं, हालांकि इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। इससे पहले मंगलवार को रॉयटर्स ने एक भारतीय सरकारी अधिकारी के हवाले से खबर दी थी कि भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलें देगा।
साल 2023 में, भारत ने कहा था कि वह अपनी मिसाइल प्रणालियों के लिए इंडोनेशिया के साथ उन्नत स्तर की बातचीत कर रहा है। भारत पहले ही वियतनाम और फिलीपींस जैसे पड़ोसी देशों के साथ ऐसे समझौतों पर हस्ताक्षर कर चुका है। इसके अलावा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन ने घोषणा की कि इंडोनेशिया की निजी रक्षा होल्डिंग कंपनी रिपब्लिकॉर्प और भारत की रक्षा कंपनी भारत डायनेमिक्स ने भी हवा-से-हवा में मार करने वाली मिसाइलों को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिजों, इस्पात और कृषि क्षेत्रों में आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापनों। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंडोनेशिया की क्राकाटाऊ स्टील मिलकर इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब बनाने के लिए एक संयुक्त उद्यम स्थापित करेंगे।
पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका के लिए इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान बिंतंग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया पदक से सम्मानित किया गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने पीएम मोदी को यह पदक प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, आज सुबह मुझे बेहद स्नेह के साथ इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान करोड़ों भारतीयों का है… यह इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं और भारत-इंडोनेशिया के ऐतिहासिक व घनिष्ठ संबंधों का सम्मान है। पोस्ट में पीएम मोदी के हवाले से कहा गया, मैं राष्ट्रपति प्रबोवो जी, इंडोनेशिया सरकार और यहां के लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा कि यह पुरस्कार भारत-इंडोनेशिया दोस्ती के प्रति एक श्रद्धांजलि है।