Koriya Triple Murder Case: कोरिया नरसंहार पर गरमाई सियासत; विधायक संगीता सिन्हा ने कानून-व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
बालोद/कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और आपसी वर्चस्व के कारण हुई तीन लोगों की हत्या ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में बीजेपी नेता एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
🚗 योजनाबद्ध तरीके से दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, यह खूनी संघर्ष दो परिवारों (सिंह और त्रिपाठी) के बीच रेत खनन के कारोबार को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश का परिणाम था। हमलावरों ने फॉर्च्यूनर एसयूवी को टिपर ट्रक से टक्कर मारकर रोका और फिर पेट्रोल छिड़कर उसे आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, गाड़ी से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई।
🗣️ ‘सरकार की लापरवाही का नतीजा है यह नरसंहार’
संजारी बालोद की विधायक एवं महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष संगीता सिन्हा ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत माफिया के इस काले कारोबार को लेकर विधानसभा में बार-बार आवाज उठाई गई थी, लेकिन सरकार और प्रशासन ने इसे पूरी तरह अनदेखा किया। उन्होंने कहा, “आज जो नरसंहार हुआ है, वह सरकार की उसी लापरवाही का प्रत्यक्ष परिणाम है।”
📉 कानून-व्यवस्था पर गहराते सवाल
विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। स्थिति इतनी भयावह है कि अब आम जनता ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों को भी अपनी सुरक्षा के लिए चिंता होने लगी है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था किस दिशा में जा रही है?
👮 पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोनहत क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच जारी है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार की घेराबंदी करने में जुट गया है, जिससे आने वाले दिनों में और अधिक सियासी टकराव की संभावना है।