Breaking News in Hindi

नरेंद्र मोदी ने 95 सौ करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया

तेलंगना की कई विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ

  • फोर लेन हाईवे भी इसमें शामिल

  • औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला

  • नागपुर से सीधे संपर्क का काम

राष्ट्रीय खबर

हैदराबादः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं का सामूहिक उद्देश्य कनेक्टिविटी को मजबूत करना, लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार लाना, सुरक्षा बढ़ाना और यात्रियों को यात्रा का बेहतर अनुभव प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री ने हैदराबाद-पणजी इकोनॉमिक कॉरिडोर पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के फोर-लेन निर्माण की आधारशिला रखी। इस परियोजना की कुल लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक है। यह परियोजना सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगी, जिससे यात्रा के समय में लगभग 1 घंटा 30 मिनट की कमी आएगी। साथ ही, इससे ईंधन की खपत और वाहनों के रखरखाव के खर्च में भी गिरावट होगी। यह राजमार्ग तेलंगाना और कर्नाटक के बीच संपर्क को मजबूत करेगा और दोनों राज्यों में औद्योगिक विकास को गति देगा।

इसके अलावा, मोदी ने संगारेड्डी जिले में जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला भी रखी। इसे राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के हिस्से के रूप में हैदराबाद-नागपुर औद्योगिक गलियारे के तहत विकसित किया जा रहा है। 3,245 एकड़ में फैली इस परियोजना को 2,350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग-65 के किनारे रणनीतिक रूप से स्थित है और प्रमुख शहरों, बंदरगाहों, रेल नेटवर्क व हवाई अड्डों को निर्बाध मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

एक स्मार्ट एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप के रूप में परिकल्पित, जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र में उन्नत और टिकाऊ बुनियादी ढांचा होगा जो अगली पीढ़ी के उद्योगों को समर्थन देगा। इसके लिए ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण, मशीनरी, धातु और विद्युत उपकरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई है। इस परियोजना से लगभग 10,000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जो क्षेत्रीय आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।