Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग

भाजपा का दांव अब भाजपा पर आजमा रही है आप

संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में एफआईआर

  • आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं

  • खुद कहा कि मामले की जानकारी नहीं

  • भाजपा और अकाली दल का विरोध

राष्ट्रीय खबर

चंडीगढ़ः पंजाब में आम आदमी पार्टी के बागी राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। यह कार्रवाई उनके द्वारा आप छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद हुई है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, ये प्राथमिकी पंजाब के दो अलग-अलग जिलों में गैर-जमानती धाराओं के तहत दर्ज की गई हैं। हालांकि, अभी तक इनके पीछे के विशिष्ट कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। इससे साफ हो गया है कि पूर्व में भाजपा ने अपने विरोधियों पर जो दांव आजमाए थे, अब आम आदमी पार्टी वही चालें चलने लगी हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, पंजाब पुलिस आरोपी सांसद की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रही है। शनिवार को संदीप पाठक को उनके दिल्ली स्थित आवास से निकलते हुए देखा गया, लेकिन उन्होंने इस मामले पर विस्तृत टिप्पणी नहीं की। समाचार एजेंसी से बात करते हुए पाठक ने कहा, मुझे अपने खिलाफ किसी भी प्राथमिकी के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

संदीप पाठक उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में आप छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम भी शामिल हैं। इस दलबदल के कारण राज्यसभा में आप की संख्या 10 से घटकर केवल 3 रह गई है।

पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुए इस घटनाक्रम को पार्टी के लिए एक बड़े रणनीतिक नुकसान के रूप में देखा जा रहा है।  भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने इन एफआईआर की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य की आप सरकार पुलिस को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।