पलवल: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पलवल से तीन और नूंह से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। केंद्रीय खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। इस मामले की जांच के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय खुफिया विभाग की एक टीम पलवल पहुंची है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान से जुड़ा संदिग्ध एजेंट काफी समय से बहीन और तावडू क्षेत्र में सक्रिय था। उसके पाकिस्तान भागने के बाद खुफिया विभाग ने उससे जुड़े लोगों पर शिकंजा कसना शुरू किया।
संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट बहीन थाना क्षेत्र के गांव पावसर और नूंह के तावडू इलाके में काफी समय तक रहता था। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवकों में बहीन थाना क्षेत्र के गांव पावसर निवासी युवक पाकिस्तानी एजेंट का करीबी था।
वहीं, अन्य दो युवक पलवल जिले के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में ये युवक जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध पाकिस्तानी लोगों के संपर्क में आए थे। फिलहाल एजेंसियां मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोपनीय जांच कर रही हैं। इस मामले में एसपी और डीएसपी हेडक्वार्टर से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका।