Breaking News in Hindi

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को आवास से हटा लिया गया

अचानक मिली गुप्त सूचना के आधार पुलिस की कार्रवाई

कैनबरा: ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस को मंगलवार शाम एक गंभीर सुरक्षा चिंता के चलते उनके आधिकारिक आवास द लॉज से सुरक्षित बाहर निकालकर एक अज्ञात सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की ओर से जारी एक संक्षिप्त बयान के अनुसार, यह कदम प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर उठाया गया था।

स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, कैनबरा स्थित प्रधानमंत्री के आवास पर किसी अज्ञात खतरे की सूचना मिलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस को तत्काल बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि लगभग शाम 6 बजे उन्हें ऑस्ट्रेलियाई राजधानी क्षेत्र के भीतर एक कथित सुरक्षा घटना की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री को वहां से हटाकर एक सुरक्षित ठिकाने पर स्थानांतरित कर दिया गया।

सुरक्षा बलों ने द लॉज परिसर की सघन तलाशी ली। पुलिस ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रतिष्ठान की पूरी तरह से जांच की गई और वहां कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि खतरा किस प्रकार का था या यह सूचना किस माध्यम से मिली थी, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उच्चतम स्तर की सतर्कता बरती गई।

ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में समुदाय या सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है। पुलिस ने कहा, तलाशी अभियान पूरा हो चुका है और स्थिति नियंत्रण में है। उचित समय पर इस मामले में और अधिक जानकारी साझा की जाएगी। वर्तमान में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक स्तर पर राष्ट्रप्रमुखों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं। हालांकि यह एक फॉल्स अलार्म (झूठी सूचना) जैसा प्रतीत होता है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियों ने जिस तत्परता से काम किया, वह प्रधानमंत्री की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। फिलहाल प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस घटना पर कोई विस्तृत आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।