Breaking News in Hindi

चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने चुनाव आयोग की टीम गुवाहाटी में

रोंगाली बिहू के पहले हो विधानसभा चुनावः भाजपा

  • विधानसभा में 25,898.97 करोड़ का पूरक  बजट

  • मियां शब्द पर सीएम की टिप्पणी पर बहस होगी

  • उखरूल स्कूल से 51 कूकी छात्र निकाले गये

भूपेन गोस्वामी

गुवाहाटी: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में भारत निर्वाचन आयोग की पूरी बेंच मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुँची। आयोग का यह दौरा असम में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है, जिसे देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि राज्य में मार्च या अप्रैल में चुनाव संपन्न कराए जा सकते हैं।

आयोग के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में भाजपा, कांग्रेस, ए आईयूडीएफ और असम गण परिषद सहित प्रमुख दलों ने अपने विचार रखे। भाजपा ने विशेष रूप से रोंगाली बिहू (असमिया नववर्ष) उत्सव से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि वर्तमान में राज्य में कानून-व्यवस्था स्थिर है और बुनियादी ढांचा काफी बेहतर है, जिससे कम समय में चुनाव कराना संभव है।

असम विधानसभा के अंतिम बजट सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री अजंता नियोग ने वर्ष 2025-26 के लिए 25,898.97 करोड़ रुपये का पूरक बजट पेश किया। हालाँकि, सदन की कार्यवाही हंगामेदार रही। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा मिया समुदाय पर की गई टिप्पणियों को लेकर विपक्षी दल एआईयूडीएफ ने वॉकआउट किया। विधायक अमीनुल इस्लाम ने आरोप लगाया कि सीएम के बयानों से ऊपरी असम में सांप्रदायिक तनाव बढ़ रहा है और लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। स्पीकर ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव को खारिज करते हुए इसे बाद में चर्चा के लिए रखने का निर्देश दिया।

पड़ोसी राज्य मणिपुर के उखरुल जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई। नागा और कुकी समुदायों के बीच बढ़ते तनाव के बीच, पुलिस ने एहतियात के तौर पर जवाहर नवोदय विद्यालय के 51 कुकी छात्रों को सुरक्षित निकालकर कांगपोकपी जिले में भेजा है। यह कदम लिटन इलाके में हुई हिंसा और घरों को जलाए जाने की घटनाओं के बाद उठाया गया। प्रशासन ने स्थानीय संगठनों के सहयोग से छात्रों को सुरक्षित गलियारा प्रदान किया और शांति बनाए रखने की अपील की है।

कोकराझार जिले के कचगाँव में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर एक तेल टैंकर के पलटने से भीषण आग लग गई। टैंकर के पुल की रेलिंग से टकराने के बाद हुए ईंधन रिसाव ने पूरे राजमार्ग को धुएं के गुबार में बदल दिया, जिससे पूर्वोत्तर को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर यातायात घंटों बाधित रहा।