Breaking News in Hindi

कैनसास सीट पर डेमोक्रेट्स का पलड़ा भारी

ईरान और यूक्रेन युद्ध के बीच फंसे हैं डोनाल्ड ट्रंप

कैनसासः अमेरिका में वर्ष 2026 के मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों की तारीख निकट आते ही जारी हो रहे विभिन्न सर्वेक्षणों और चुनावी अनुमानों में विपक्ष यानी डेमोक्रेटिक पार्टी को भारी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। इस चुनावी चक्र में सबसे चौंकाने वाला रुझान पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ मानी जाने वाली कैनसास सीनेट सीट से सामने आया है। हालिया सर्वेक्षणों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एडम हैमिल्टन ने मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर रॉजर मार्शल पर बढ़त बना ली है, जिसे अमेरिकी राजनीतिक विश्लेषक एक बड़े फेरबदल के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

प्रतिष्ठित चुनाव विश्लेषक नेट सिल्वर के ‘सिल्वर बुलेटिन’ के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, डेमोक्रेट्स राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के जेनेरिक बैलेट में 8.9 प्रतिशत अंकों की मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं, जहां उन्हें 50.6 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी 41.7 प्रतिशत पर बनी हुई है। इसके साथ ही, राजनीतिक सट्टेबाजी के प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कालशी के बाजार आंकड़ों से संकेत मिलता है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में बहुमत हासिल करने की संभावना 90.7 प्रतिशत के उच्च स्तर तक पहुंच गई है।

‘फोर्ब्स प्रिडिक्ट’ मार्केट के पाठक सर्वेक्षणों और अनुमानों के अनुसार भी मुख्य सीनेट सीटों पर डेमोक्रेट्स की स्थिति मजबूत हुई है। टेक्सास की सीनेट दौड़ में जेम्स टैलारिको की जीत की संभावना बढ़कर 83 प्रतिशत हो गई है, जबकि मिशिगन में अब्दुल एल-सईद की जीत की संभावना 73 प्रतिशत दर्ज की गई है।

दूसरी ओर, कैलिफोर्निया में अरबपतियों की कुल संपत्ति पर 5 प्रतिशत का एकमुश्त टैक्स लगाने के प्रस्ताव ‘प्रपोजिशन 40’ को लेकर मतदाताओं की राय बंटी हुई है। यूसी बर्कले और एनबीसी/टेलीमुंडो जैसे गैर-पक्षपाती सर्वेक्षणों में 45 से 48 प्रतिशत लोग इसके समर्थन में दिख रहे हैं, वहीं रूढ़िवादी विचार मंचों (थिंक टैंक) और रिपब्लिकन समर्थित पोलस्टर्स के सर्वे में 50 प्रतिशत से अधिक मतदाता इसका विरोध कर रहे हैं।

इन तमाम चुनावी रुझानों का एक प्रमुख कारण राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की गिरती लोकप्रियता को माना जा रहा है। ‘सिल्वर बुलेटिन’ के औसत आंकड़ों के अनुसार ट्रम्प की अप्रूवल रेटिंग घटकर 37 प्रतिशत के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गई है। विश्लेषकों के अनुसार, ईरान के साथ पिछले आठ महीनों से जारी युद्ध का लंबा खिंचना, वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतें बढ़ना और उससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर पड़ा विपरीत असर जनता की इस बढ़ती निराशा की मुख्य वजह है। ऐतिहासिक रूप से अमेरिका में मध्यावधि चुनाव मौजूदा राष्ट्रपति के कार्यकाल पर एक जनमत संग्रह माने जाते हैं, और इस बार का रुख भी सत्तारूढ़ दल के लिए बड़ी चुनौती की ओर इशारा कर रहा है।