लाइव कार्यक्रम के दौरान ही हुआ चर्चा में यह हादसा
लाइव प्रसारण में लोगों ने देखा
अचानक पीछे का क्रास नीचे गिरा
पेरपेचुआ सोकोरो चर्च की घटना है
गुआयाकिलः इक्वाडोर के एक चर्च में ऑनलाइन लाइव-स्ट्रीम किए जा रहे प्रार्थना समारोह (मास) के दौरान एक भारी क्रूस (क्रॉस) के गिरने से एक पादरी की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार को फेसबुक पर प्रकाशित गुआयाकिल शहर के महाधर्माध्यक्षीय (आर्चडायोसीस) कार्यालय के बयान के अनुसार, पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी की शनिवार को दक्षिणी इक्वाडोर के गुआयाकिल शहर के पेरपेचुआ सोकोरो चर्च में मौत हो गई। घटना के वीडियो में पादरी सांचेज प्रार्थना का नेतृत्व करते हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी उनके पीछे वेदी पर रखा एक बड़ा लकड़ी का क्रॉस अचानक गिर जाता है और उनके सिर पर आ लगता है। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच चीख-पुकार मच जाती है और कई लोग फ्रेम में दौड़कर पादरी की ओर आते हैं।
देखें वीडियो
रविवार को गुआयाकिल के आर्चबिशप कार्डिनल लुईस कैबरेरा की अगुवाई में चर्च में सांचेज की याद में एक यूचरिस्ट (प्रार्थना सभा) का आयोजन किया गया। बयान में कहा गया है, हम दुनिया भर से मिली सभी संवेदनाओं के लिए आभारी हैं, और विशेष रूप से पैट्रिसियो सांचेज की आत्मा की शांति के लिए आपकी प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद। यह त्रासदी तब घटी जब पादरी एक विवाह समारोह का नेतृत्व करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने अब तक इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।