यमन की सेना अब जवाबी हमला करने लगी है
शहर पर कब्जा को लेकर युद्ध जारी
सरकारी बल को विमान का भी समर्थन
बाकी बचे विद्रोही जान बचाकर भागे
अल-मुकल्ला: यमनी सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मध्य यमनी शहर मारिब के बाहरी इलाकों में सरकारी बलों के साथ हुई भीषण झड़पों में कम से कम 80 हूती लड़ाके मारे गए हैं। ईरान समर्थित यह मिलिशिया ऊर्जा संपदा से समृद्ध इस शहर पर कब्जा करने के लिए लगातार अपने हमलों को तेज कर रही है।
यमन की सेना के सैन्य मीडिया विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जनरल यह्या अल-हातेमी ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान मारिब के दक्षिणी क्षेत्रों— जिनमें हरेब, मलाआ और उम रैश शामिल हैं— में सरकारी बलों और हूतियों के बीच भारी संघर्ष हुआ।
सरकारी बलों को इस दौरान युद्धक विमानों और ड्रोनों का पूरा समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा कि सरकारी बलों ने इन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया, जिसमें 80 से अधिक हूती लड़ाके मारे गए और उनके नौ सैन्य वाहन पूरी तरह तबाह हो गए। अल-हातेमी ने कहा, हूतियों को 80 से अधिक लोगों की मौत का नुकसान उठाना पड़ा है, बाकी बचे लड़ाके मौके से फरार हो गए और उनके नौ लड़ाकू वाहन नष्ट कर दिए गए।
यमन की सेना ने बताया कि युद्धक विमानों ने मारिब प्रांत के विभिन्न मोर्चों पर हूती ठिकानों को भी निशाना बनाया। लड़ाकों के जमावड़े, सैन्य सुदृढ़ीकरण और उनके किलेबंद ठिकानों पर जोरदार हवाई हमले किए गए। इस बीच, शनिवार को सना, अमरान, होदेइदाह और हूती-नियंत्रित अन्य क्षेत्रों में कम से कम 50 लड़ाकों के लिए अंतिम संस्कार जुलूस निकाले गए, जिनमें कई उच्च पदस्थ अधिकारी भी शामिल थे। इन सभी के युद्ध के मैदान में मारे जाने की पुष्टि की गई थी।
सरकार समर्थित नेशन शील फोर्स ने रविवार को कहा कि उसने अल-मदिराह व अल-आराह में कहबूब पर्वत के पास एक हूती हमले को नाकाम कर दिया और एक ड्रोन को मार गिराया। लगभग एक हफ्ते से स्थानीय आदिवासियों के समर्थन से जायंट्स ब्रिगेड और नेशन शील फोर्स सहित यमनी सरकारी बल कहबूब पर्वत पर हूतियों के लगातार हमलों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं।
इस पर्वत पर कब्जा करने से हूतियों को बाब अल-मंदेब पर रणनीतिक बढ़त मिल जाएगी और यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के मुख्य ठिकाने वाले दक्षिणी शहर अदन की ओर संभावित आक्रामक अभियान का रास्ता साफ हो सकता है। इस बीच, यमनी सेना के प्रवक्ता कर्नल माजेद अल-नुजैली ने कहा कि सेना की वायु सेना ने मध्य प्रांत अल-बैदा में हूती कर्मियों और उनके सैन्य उपकरणों को निशाना बनाकर हमले किए हैं।