Breaking News in Hindi

मणिपुर में सेना और असम राइफल्स का ऑपरेशन, यूकेएनए के 2 कैडर ढेर

सुरक्षा बलों ने म्यांमार के पांच नागरिकों को पकड़ा

अरुणाचल में बंद का व्यापक असर

गैलो यूथ ऑर्गनाइजेशन की मोर्चाबंदी

बंद समर्थकों ने सड़कों पर टायर जलाये

भूपेन गोस्वामी

गुवाहाटी: असम और मिजोरम सीमा के पास, मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के पारबुंग गांव में भारतीय सेना और असम राइफल्स ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के दो हथियारबंद उग्रवादी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। यह संगठन केंद्र या राज्य सरकार के साथ सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन्स समझौते का हिस्सा नहीं है और जबरन वसूली तथा हिंसा में शामिल रहा है। सुरक्षा बलों ने मौके से तीन ऑटोमैटिक राइफलें, एक चालीस एमएम लाथोडे लॉन्चर और सैन्य सामग्री बरामद कर उग्रवादियों के अस्थायी कैंप को नष्ट कर दिया।

अरुणाचल प्रदेश के लेपाराडा जिले में गालो यूथ ऑर्गेनाइजेशन द्वारा 6 सितंबर को सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक 12 घंटे का बंद आयोजित किया गया। यह बंद गालो वेलफेयर सोसाइटी और गालो लुव बानी केबा के बीच के मतभेदों के कारण बुलाया गया था। जिला प्रशासन ने धारा 163 लागू कर बंद पर रोक लगाने का आदेश दिया था ताकि आपातकालीन सेवाएं और आम जीवन प्रभावित न हो। इसके बावजूद बंद समर्थकों ने टायरों में आग लगाकर और पत्थर रखकर सड़कें बाधित कीं। हालांकि, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के कारण स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही और कोई अप्रिय घटना दर्ज नहीं हुई।

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में म्यांमार की सीमा से सटे क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने घुसपैठ करते हुए म्यांमार के पांच नागरिकों (दो महिलाएं और तीन पुरुष) को हिरासत में लिया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान नोक्वांग ताइखे (35), वेनचक ताइखे (21), चकसांग ताइखे (16), वेन्नाव तुची (12) और डंजन काचिक (15) के रूप में हुई है। इन्हें आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।