पांच विपक्षी मेयरों को अदालत से सजा मिली
इस्तांबुलः इस्तांबुल की एक अदालत ने सोमवार को मुख्य विपक्षी दल रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी द्वारा संचालित नगर पालिकाओं के पांच मेयरों को भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी ठहराया। आलोचकों ने इस मुकदमे को राजनीति से प्रेरित बताकर इसकी निंदा की है। इस्तांबुल अदालत के समक्ष इस मामले में नगरपालिका अनुबंधों से संबंधित रिश्वतखोरी, निविदाओं में हेराफेरी (बिड-रिगिंग) और धोखाधड़ी के आरोप शामिल थे। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन की सरकार के आलोचकों का कहना है कि मुकदमा विपक्षी पार्टी को निशाना बनाकर चलाया गया और अभियोजन पक्ष ने गुप्त गवाहों का सहारा लिया। वहीं, तुर्की सरकार का कहना है कि देश की न्यायपालिका स्वतंत्र और राजनीतिक प्रभाव से मुक्त है।
यह मामला बिजनेसमैन अजीज अहसान अक्तास के नियंत्रण वाली कंपनियों द्वारा रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के जरिए नगरपालिका निविदाएं हासिल करने के आरोपों पर केंद्रित था। विपक्ष ने कहा कि एर्दोगन की पार्टी के नियंत्रण वाली जिन नगर पालिकाओं ने अक्तास के साथ कारोबार किया था, उनकी इतनी गहन जांच नहीं की गई।
सजा पाने वाले पांच लोगों में से इस्तांबुल के बेशिक्ताश जिले के मेयर रिज़ा अकपोलात को रिश्वत लेने, मनी लॉन्ड्रिंग और बिड-रिगिंग के लिए सबसे भारी 23 साल और तीन महीने की सजा मिली। अन्य चार मेयरों की सजा पांच से आठ साल के बीच रही। अकपोलात सहित इन सभी को उनकी गिरफ्तारी के बाद पदों से हटा दिया गया था। इस्तांबुल के पश्चिम में स्थित सिलीवरी जेल के पास अदालत कक्ष में सात महीने तक चले इस मुकदमे में 200 प्रतिवादी शामिल थे।
तुर्की में विपक्षी नेताओं के खिलाफ अदालती मामलों की एक श्रृंखला शुरू की गई है। इस्तांबुल के मेट्रोपॉलिटन मेयर और आगामी राष्ट्रपति चुनाव में एर्दोगन के मुख्य विपक्षी प्रतिद्वंद्वी एकरेम इमामोग्लू पिछले साल मार्च से सलाखों के पीछे हैं। उन पर इस्तांबुल नगरपालिका के भीतर भ्रष्टाचार के कई कानूनी मामले चल रहे हैं। यदि वे दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें कुल मिलाकर 2,300 से अधिक वर्षों की सजा हो सकती है।