Breaking News in Hindi

सीजेपी ने दिया देशव्यापी बंद का आह्वान

पेपर लीक विवाद पर टकराव की स्थिति और बढ़ेगी

  • देश के कई इलाकों में प्रदर्शन

  • कई इलाकों में भाजपा पर हमला

  • पटना में विधायक भी पिट गये

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः देश भर में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और धांधली को लेकर जारी आक्रोश अब एक बड़े व्यापक राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। सीजेपी और विभिन्न प्रमुख छात्र संगठनों ने इस राष्ट्रीय संकट के खिलाफ राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन का औपचारिक आह्वान किया है। वहीं, दूसरी ओर विपक्षी दलों के गठबंधन ने अपना राजनीतिक संघर्ष तेज करते हुए इस लड़ाई को ऐतिहासिक गांधी स्मृति तक पहुंचा दिया है।

सीजेपी के आह्वान के बाद देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों, कॉलेज परिसरों और प्रमुख शहरों में छात्रों, युवाओं और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध रैलियां निकालीं। छात्र नेताओं का कहना है कि बार-बार होने वाले पेपर लीक ने लाखों होनहार छात्रों के भविष्य और मेहनत को अधर में लटका दिया है। इस राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत राज्य स्तरीय परीक्षाओं और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में हुई अनियमितताओं के खिलाफ देश भर में बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किए जा रहे हैं।

इसी बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित संसद के प्रमुख विपक्षी नेताओं ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए दिल्ली स्थित गांधी स्मृति का रुख किया। महात्मा गांधी के शहादत स्थल पर एकत्र होकर विपक्षी नेताओं ने मौन सत्याग्रह किया और परीक्षा में धांधली व मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले पीड़ित विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है और लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का काम कर रही है।

गांधी स्मृति से संदेश देते हुए विपक्षी नेताओं ने कहा कि वे छात्रों के हक की यह लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक अहिंसक और सत्याग्रह के रास्ते पर चलकर लड़ेंगे। उन्होंने मांग की कि जब तक इस पूरे तंत्र की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच नहीं होती और जवाबदेही तय नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं।