Breaking News in Hindi

कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी ड्रोनों का हमला जारी

कुवैत की सेना ने इन्हें मार गिराने का दावा किया

एजेंसियां

दोहाः कुवैत के गृह मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह देश भर में अचानक खतरे के सायरन गूंज उठे। कुवैती सेना ने एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने देश की ओर बढ़ रहे ईरानी आक्रामक ड्रोनों के खतरों को हवा में ही सफलता पूर्वक इंटरसेप्ट कर दिया और नष्ट कर दिया।

इस घटना के कुछ ही घंटों बाद, फारस की खाड़ी स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में गुरुवार सुबह एक बड़ा तेल टैंकर भीषण विस्फोट की चपेट में आ गया, जब वह समुद्र में बिछाई गई ईरानी समुद्री सुरंग से टकरा गया।  ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के प्रवक्ता ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा, अमरीकी सेना के उकसावे और बहकावे में आकर तीन तेल टैंकरों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में स्थित माइन वाले जलक्षेत्र से गुजरने का प्रयास किया था।

इनमें से एक पोत में हुए भीषण विस्फोट और आग लगने के तुरंत बाद बाकी बचे दो टैंकरों ने अपना रुख बदला और पीछे हट गए। आईआरजीसी के प्रवक्ता ने अमरीका पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान में अमरीका के सैन्य हस्तक्षेप का दुनिया पर वैश्विक ऊर्जा संकट और कृषि उर्वरकों की आपूर्ति में कमी के अलावा कोई असर नहीं पड़ेगा।

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने यह भी दावा किया कि होर्मुज का पूरा जलमार्ग अब आईआरजीसी के कड़े नियंत्रण में है। हालांकि, अमरीकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। अमरीकी सैन्य कमान के अनुसार, जलमार्ग को खुला रखने और ईरान के गैर-कानूनी समुद्री दावों का मुकाबला करने के लिए अमरीकी नौसेना पूरी तरह सक्रिय है।