Breaking News in Hindi

सड़क पर हिंसक झड़पों के बाद सैकड़ों गिरफ्तार

पीएसजी की खिताबी जीत के जश्न में डूबा पेरिस

  • चैंपियंस लीग में जीत के बाद जश्न

  • भीड़ एकत्रित होने के बाद हिंसक बनी

  • बाइस हजार पुलिस कर्मी तैनात किये गये

एजेंसियां

पेरिस (फ्रांस): पेरिस सेंट-जर्मेन की चैंपियंस लीग के फाइनल मुकाबले में ऐतिहासिक जीत के बाद शनिवार रात फ्रांस की राजधानी पेरिस में जश्न का माहौल अचानक हिंसक झड़पों में तब्दील हो गया। हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे फुटबॉल प्रशंसकों और पुलिस के बीच हुई हिंसक भिड़ंत के बाद देश भर से कुल 416 हुड़दंगियों को हिरासत में लिया गया। इनमें से अकेले पेरिस से 283 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फ्रांसीसी आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इनमें से कितने लोगों को आगे की न्यायिक जांच के लिए रिमांड पर लिया गया है।

पिछले साल पीएसजी की जीत के बाद भड़की अशांति और तोड़फोड़ से सबक लेते हुए इस बार फ्रांसीसी प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। खेल के दौरान देश भर में लगभग 22,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, जिनमें से अकेले 8,000 जवान पेरिस की सड़कों पर मुस्तैद थे। इसके बावजूद हुड़दंग को रोकने के लिए पेरिस की ट्राम लाइनों को पूरी तरह रोक दिया गया, कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया और कुछ इलाकों में बसों का परिचालन भी ठप करना पड़ा।

फ्रांस के आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इस उपद्रव को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इन झड़पों में सात पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने छह वाहनों और दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी भारी नुकसान पहुँचाया। समर्थकों के एक आक्रामक गुट ने पेरिस के रिंग रोड पैरिफेरिक पर धावा बोलकर कुछ समय के लिए यातायात को पूरी तरह बाधित कर दिया और हवा में फ्लेयर्स (रंग-बिरंगी मशालें) जलाए।

जैसे ही प्रशंसकों ने हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में पेरिस सेंट-जर्मेन की पेनल्टी शूट-आउट में रोमांचक जीत का जश्न मनाना शुरू किया, लगभग 20,000 लोग पेरिस के प्रतिष्ठित शैम्प्स-एलिजी एवेन्यू पर जमा हो गए। दुकानों के मालिकों ने पिछले साल की उस घटना को याद करते हुए अपनी खिड़कियों और दरवाजों पर पहले ही लकड़ी के बोर्ड लगा दिए थे, जब उपद्रवी युवकों ने शैम्प्स-एलिजी और अन्य सड़कों की दुकानों में जमकर लूटपाट की थी। पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई के दौरान दो दर्जन फ्लेयर्स और लगभग 100 अवैध पटाखे जब्त किए, जबकि शैम्प्स-एलिजी के पास एक बस शेल्टर को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया।

यह उपद्रव ऐसे समय में हुआ जब शनिवार की शाम पेरिस के सुरक्षा तंत्र के लिए पहले से ही बेहद व्यस्त और चुनौतीपूर्ण थी। चैंपियंस लीग के इस महामुकाबले के साथ-साथ फ्रांस के राष्ट्रीय स्टेडियम स्टेड डी फ्रांस में प्रसिद्ध गायिका अया नाकामुरा का लाइव कॉन्सर्ट चल रहा था, वहीं ला डिफेंस एरिना में रैपर डैम्सो का शो जारी था। इसके अतिरिक्त, दुनिया का प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन (रोलां गैरो) भी अपने पूरे शबाब पर था, जिससे शहर में पहले से ही भारी भीड़ मौजूद थी।