आंध्र प्रदेश में फिर हुआ एक भीषण सड़क हादसा
-
स्लेट खदान के पास हुआ एक्सीडेंट
-
ट्रक की गति सामान्य से अधिक थी
-
टक्कर से वहां जोरदार आग लग गयी
राष्ट्रीय खबर
हैदराबादः आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ गुरुवार सुबह एक निजी बस और टिपर ट्रक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में कम से कम 14 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है। यह हादसा मार्कापुरम के पास रायावरम इलाके में एक स्लेट खदान के समीप घटित हुआ।
मार्कापुरम पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस हरिकृष्णा ट्रेवल्स की थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते बस आग के गोलों में तब्दील हो गई।
यह हादसा सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच हुआ। बस तेलंगाना के जगित्याल से आंध्र प्रदेश के विंजमुरू की ओर जा रही थी। चश्मदीदों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने स्लेट खदान के पास मोड़ लेते समय बस को टक्कर मार दी।
शुरुआती आकलन में दुर्घटना का मुख्य कारण टिपर ट्रक की अत्यधिक गति को माना जा रहा है। टक्कर के बाद लगी आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुँचकर बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह खाक हो चुके थे।
हादसे के समय बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि जो यात्री बस के पिछले हिस्से में बैठे थे, वे आग की लपटों के कारण बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से कुछ के कनिगिरी क्षेत्र के निवासी होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन अब मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुँचाने की प्रक्रिया में जुटा है। इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।