खडगे और भाजपा दोनों ने निंदा की
-
खडगे ने अमेरिका पर भी सवाल उठाये
-
सिराजगंज के पुश्तैनी घर पर हमला हुआ
-
भाजपा ने ममता बनर्जी को भी घेरा
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि अमेरिकी सेना का पाकिस्तान को आतंकवाद से लड़ने में मजबूत सहयोगी बताकर जनरल मुनीर को सेना दिवस पर आमंत्रित करना और बंगलादेश में रवींद्रनाथ टैगोर के आवास को जलाने की घटना बेहद चिंताजनक है।
श्री खरगे ने गुरुवार को कहा अंतरराष्ट्रीय पटल पर हमारे लिए दो घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं-अमेरिका के सेंट्रल कमांड के कमांडर का पाकिस्तान को आतंकवाद से लड़ने में अपना मजबूत सहयोगी बताना और फिर पाकिस्तानी सेना प्रमुख को अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ में आमंत्रण देना।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा दूसरी बड़ी घटना बंगलादेश में हुई है जहां हुड़दंगियों ने गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के पुश्तैनी घर को आग के हवाले किया है। उन्होंने कहा आमार सोनार बांग्ला -बंगलादेश के राष्ट्रगान के रचियता-गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर के सिराजगंज, बंगलादेश स्थित पुश्तैनी निवास में तोड़फोड़ की घटना।
कांग्रेस पार्टी इसकी घोर निंदा करती है। श्री खरगे ने कहा कि विदेश नीति के कई अन्य महत्वपूर्ण और अहम मुद्दे और भी हैं इसलिए कांग्रेस पहलगाम हमले के बाद से ही सर्वदलीय बैठक और संसद के विशेष सत्र की माँग कर रहे हैं। मोदी सरकार को चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर की मौजूदगी में विपक्ष के सुझाव लेकर बातचीत कर, राष्ट्रीय रणनीति तय करे। ऐसा पहले कई बार हुआ है। यह देशहित में अनिवार्य होगा।
भारतीय जनता पार्टी ने बंगलादेश में नोबेल पुरस्कार से अलंकृत गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के पैतृक घर पर इस्लामिक कट्टरपंथियों के हमले और दोषियों पर मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किये जाने की कड़ी निंदा की है और वैश्विक समुदाय से इस कृत्य के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है।
भाजपा के प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने यहां पार्टी के मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में बंगलादेश की अंतरिम सरकार की भर्त्सना करने के साथ ही पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार की इस घटना पर चुप्पी की आलोचना की और कहा कि सुश्री बनर्जी वोटबैंक की राजनीति के कारण चुप्पी साधे हैं जबकि भाजपा सभ्यतागत मूल्यों की राजनीति के कारण मुखर हुई है।
डॉ. संबित पात्रा ने कहा, आप सबको विदित है कि मंगलवार को गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर जी के बंगलादेश में स्थित पैतृक घर पर हमला हुआ और उसको काफी क्षति पहुंचाई गई। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर कोई आम शख्सियत नहीं थे। वे असाधारण विविधता वाले व्यक्ति थे। उन्होंने अपने साहित्य, दर्शन और दृष्टि के माध्यम से दुनिया को बहुत योगदान दिया। टैगोर सीमाओं तक सीमित नहीं थे, उनकी विरासत राष्ट्रों से परे थी। उन्होंने दो देशों के राष्ट्रगान को लिखा। भारत के राष्ट्रगान जन-गण-मन को रबिन्द्रनाथ जी की कलम ने ही संजोया और बंगलादेश के राष्ट्रगान को भी उन्होंने ही लिखा था।