Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
Darbhanga News: दरभंगा में बच्ची से दरिंदगी के बाद भारी बवाल, 230 लोगों पर FIR; SSP ने दिया 'स्पीडी ... Basti Daroga Death: बस्ती से लापता दारोगा का अयोध्या में मिला शव, सरयू नदी में लाश मिलने से मची सनसन... Weather Update: दिल्ली में गर्मी या फिर लौटेगी ठंड? यूपी-बिहार में कोहरा और पहाड़ों पर बर्फबारी का अ... सोनभद्र: मॉल में गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहा था पति, अचानक आ धमकी पत्नी; फिर जो हुआ उड़ जाएंगे होश Sambhal Violence Case: संभल हिंसा में अनुज चौधरी को राहत या झटका? FIR रद्द करने की याचिका पर हाईकोर्... भविष्य की वायरलेस तकनीक में अधिक रफ्तार होगी मलेशिया से आतंकवाद और द्विपक्षीय संबंधों पर बयान वक्फ संशोधन विधेयक भी गरमी बढ़ेगी अपने अंतरिक्ष अभियान को धीमा करने को तैयार नहीं इसरो असम ने गौरव गोगोई के खिलाफ भेजी रिपोर्ट

तीन राज्यों की सीमा घेरकर पांच हजार सुरक्षाबल तैनात

नक्सलियों के बहुत बड़े समूह की घेराबंदी

  • जंगल में मौजूद हैं डेढ़ सौ नक्सली एक साथ

  • अभियान में हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल हो रहा

  • देश का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान है यह

बीजापुरः छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित हिड़मा और देवा जैसे बड़े नक्सली नेताओं समेत करीब 150 माओवादियों को गिरफ्त में लेने या ढेर करने के लिए सुरक्षा बलों के 5000 जवानों का अभियान छत्तीसगढ़,तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमावर्ती जंगलों व पहाड़ों में पिछले पांच दिनों से जारी है। इस बीच अत्यधिक गर्मी के चलते अभियान से जुड़े सुरक्षा बल के कई जवान कै-दस्त से पीड़ित हो गये।

कुछ जवानों को इलाज के लिए निकटवर्ती तेलंगाना के अस्पतालों में भर्ती किया गया है। अभियान स्थल पर इन दिनों अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस बताया जाता है। यह ऑपरेशन छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती बीजापुर– तेलंगाना-महाराष्ट्र सीमा पर शुरू किया गया है,जिसमें महाराष्ट्र की सीमा से भी फोर्स जंगलों में प्रवेश कर रहा है।

नक्सल मोर्चे पर वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की तैनाती के चलते यह ऑपरेशन देश का अब तक का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक पांच नक्सलियों को मार गिराने की जानकारी मिली है। जिनमें से तीन महिला नक्सलियों के शव बरामद किये जा चुके हैं। सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को यह सफलता हाथ लगी है।

इन नक्सलियों में कुछ हार्डकोर और वांछित नाम भी शामिल हो सकते हैं। अभी मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हो सकी है। देश में नक्सल उन्मूलन की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त अभियान छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमा से सटे जंगलों में चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन में वायुसेना के हेलीकॉप्टरों के साथ-साथ करीब 5000 सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन और केन्द्रीय गृह मंत्रालय के आला अधिकारी की देखरेख में नक्सल-उन्मूलन का यह महाअभियान तीन राज्यों में जारी है। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। अभियान में डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा, सीआरपीएफ, बस्तर फाइटर, महाराष्ट्र के सी60 कमांडो और आंध्र प्रदेश के ग्रेहाउंड्स फोर्स के जवानों को लगाया गया है।

साथ ही वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से रणनीतिक घेराबंदी की जा रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़-तेलंगाना-महाराष्ट्र के ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में लगभग 150 से अधिक नक्सलियों का जमावड़ा है। इनमें हिड़मा, देवा, दामोदर जैसे कुख्यात नक्सली नेता और बटालियन के सदस्य शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने इन्हें चारों ओर से घेर रखा है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की सीमा से लगे तेलंगाना के वेंकटपुरम मंडल के वीरभद्रराम, तडापला, निच्छेना और वाजेदु मंडल के मोरुमुरु वन क्षेत्रों में यह अभियान बड़े पैमाने पर चल रहा है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर लगातार दबाव बनाए रखा है।ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने एक स्थान पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। इन्हें हेलीकॉप्टर की सहायता से तत्काल रायपुर रेफर किया गया है।मुठभेड़ स्थल पर जवानों को राहत सामग्री,पानी और भोजन हेलीकॉप्टर से पहुंचाई जा रही है। बीजापुर से बैकअप फोर्स को भी रवाना किया गया है।