Breaking News in Hindi

अमित शाह ने फिर राहुल गांधी पर निशाना साधा

अनेक कल्याणकारी योजनाओँ के शुभारंभ के बीच राजनीति

सिर्फ घुसपैठियों को बचा रहे नेता प्रतिपक्ष

कांग्रेस अब भी तुष्टिकरण के रास्ते पर

भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया

राष्ट्रीय खबर

देहरादूनः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष की हालिया रैलियों को घुसपैठिया बचाओ यात्रा करार दिया। उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह का स्वागत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान उत्तराखंड को 1,475 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई। शाह और मुख्यमंत्री धामी ने 15 हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान, लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि ₹1,508 करोड़ मूल्य की 63 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, राहुल बाबा की वोट बचाओ यात्रा असल में घुसपैठिया बचाओ यात्रा है। क्या इस देवभूमि और भारत से घुसपैठियों को बाहर नहीं निकाला जाना चाहिए? राहुल जी, आपका यह झूठा नैरेटिव देश की जनता स्वीकार नहीं कर सकती। कांग्रेस ने तुष्टीकरण की अपनी नीति नहीं छोड़ी है और उन्होंने शुक्रवार की नमाज के लिए छुट्टी का प्रस्ताव भी रखा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और घुसपैठियों को बढ़ावा देकर जनसांख्यिकी में बदलाव करने की कोशिश की। शाह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने एक भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन दिया है, जबकि हरीश रावत के कार्यकाल में सचिवालय कमिशनखोरी का केंद्र बना हुआ था। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के विकासपरक शासन और कांग्रेस के भ्रष्टाचार के बीच चुनाव करने का आह्वान किया। शाह ने जोर देकर कहा कि भाजपा ने पलायन रोककर राज्य को औद्योगिक अर्थव्यवस्था से जोड़ा है, जिससे पर्यटन में 380 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

शाह ने कहा कि 2022 से राज्य का जीएसडीपी 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय 40 प्रतिशत बढ़ी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, रोजगार सृजन और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शाह द्वारा उद्घाटन और शिलान्यास की गई ये परियोजनाएं राज्य के विकास को तेज करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।